फन्ना बाबू” का निधन उद्योग जगत की अपूरणीय क्षति : नन्दी

2135

योगी सरकार के मंत्री नन्दी आए बीकानेर, बीकाजी के संस्थापक फन्ना बाबू के निधन पर अर्पित की श्रद्धांजलि

बीकानेर। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्दगोपाल गुप्ता नन्दी शुक्रवार को बीकानेर पहुंचे। वे सादुलगंज स्थित बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल के संस्थापक एवं सीएमडी शिवरतन अग्रवाल उर्फ फन्ना बाबू के निवास स्थान पर गए और दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

इस अवसर पर मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं ‘बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल लिमिटेड’ के सीएमडी शिवरतन अग्रवाल बीकानेर के पारंपरिक भुजिया उद्योग को वैश्विक ब्रांड में बदलने और मशीन द्वारा भुजिया उत्पादन की शुरुआत करने वाले एक दूरदर्शी उद्यमी थे। “फन्ना बाबू” का दुःखद निधन उद्योग जगत की अपूरणीय क्षति है।
मंत्री नन्दी ने बताया कि कुछ दिनों पहले ही बीकानेर यात्रा के दौरान फन्ना बाबू से मुलाकात हुई थी। फैक्ट्री भ्रमण के दौरान फन्ना बाबू एक-एक बारीकी के बारे में खुद ही बताते रहे। उनका यह सरल व्यवहार दिखाता है कि सफलता के शिखर पर पहुंचकर भी काम से उनका कितना अधिक जुड़ाव था।

एक ही टेबल पर बैठकर डिनर के दौरान उनके जीवन के कई बहुमूल्य अनुभव और किस्से सुनने को मिले थे। उनकी सादगी, सरलता और व्यवहार कुशलता ने मन मोह लिया था।
मंत्री नन्दी ने कहा कि उनके दुःखद निधन से हम सभी ने एक सफल उद्यमी, एक विनम्र व्यक्ति, एक अनुभवी मार्गदर्शक और एक उत्कृष्ट समाजसेवी खो दिया। उनका जाना वैश्य-व्यापारी समाज के सर से वरिष्ठ अभिभावक का साया उठने जैसा है।

यूपी के मंत्री ने कहा कि अपनी माटी से उनका लगाव और जुड़ाव हम सभी के लिए प्रेरणा है।
वे अपने पीछे सेवा कार्यों की एक समृद्ध विरासत छोड़कर गये हैं, जिसके माध्यम से सदैव हम सबके बीच उपस्थित रहेंगे।

#Kaant K.Sharma / Bhawani Joshi 

www.newsfastweb.com

 

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.