प्रशासन की ओर से किया जाएगा सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल
बीकानेर। ऑपरेशन सिंदूर के करीब एक साल बाद एक बार फिर से जिले में ब्लैकआउट होगा और सचेत करते सायरन गूंजेंगे। आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी तरीके से निपटने एवं आमजन में जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल (हवाई हमले एवं ब्लैकआउट अभ्यास) किया जाएगा।
इम संबंध में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त कलेक्टर (नगर) रमेश देव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया है कि यह अभ्यास जिले के सामरिक महत्व के स्थानों पर किया जाएगा, जिससे आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की चेतावनी सायरन ब्लैकआउट सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन) खोज एवं बचाव (सर्च एंड रेस्क्यू) तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। साथ ही वायुसेना एवं सिविल डिफेंस नियंत्रण कक्षों के बीच समन्वय हॉटलाइन एवं सायरन प्रणाली की कार्यक्षमता का भी परीक्षण किया जाएगा।
चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में मॉकड्रिल के तहत लगभग 15 मिनट का ब्लैकआउट किया जाएगा (आवश्यक सेवाओं को छोड़कर)। सायरन के माध्यम से हवाई हमले की चेतावनी (2 मिनट तक रुक-रुक कर) तथा ऑल क्लियर संकेत (लगातार 2 मिनट) दिया जाएगा।
साथ ही लगभग 20 घायलों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने का अभ्यास किया जाएगा।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभ्यास के दौरान शांति बनाए रखें अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन का सहयोग करें। यह केवल आपातकालीन परिस्थितियो में नागरिकों द्वारा नागरिकों के लिये किया जाने वाला अभ्यास मात्र है।
#Kaant K. Sharma / Bhawani Joshi
www.newsfastweb.com












