एनआरआई को किया ब्लैकमेल, ऐंठे रूपये, धमकी देने के भी आरोप

पुलिस में की शिकायत, बिना लगेज के परेशान होते हुए गए अमेरिका

हजारों रूपये का उठाया नुकसान, अपने ही देशवासियों के दुर्व्यवहार से हुए क्षुब्ध

बीकानेर। अपने माता – पिता से मिलने आए अमेरिका के टेक्सास निवासी एनआरआई दिनेश तिवारी के साथ बीकानेर के कुछ युवकों की ओर से दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। अपने ही देश के लोगों से पीड़ित हुए एनआरआई ने पुलिस को शिकायत दी है।

 

पीड़ित एनआरआई दिनेश तिवारी की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि वह पिछले महीने अमेरिका के टेक्सास से यहां नोखा में अपने माता – पिता से मिलने आया था। उसकी वापसी की फ्लाइट 11 मई की रात 2 बजे बेंगलुरु से थी। अपना लगेज उसे बेंगलुरु पहुंचाना था। जिसके लिए एनआरआई ने जयपुर रोड स्थित श्रीबालाजी ट्रांसपोर्ट की सेवाएं ली। लेकिन ट्रांसपोर्ट संचालक अजय सिहाग ने अपने साथियों देवेंद्र कौशिक और वीरेंद्र के साथ मिलकर एनआरआई को ब्लैकमेल करते हुए उससे रुपए ऐंठ लिए और निर्धारित समय पर उसका लगेज भी बेंगलुरु नहीं पहुंचाया। एनआरआई ने जब श्रीबालाजी ट्रांसपोर्ट के संचालक अजय सिहाग को अपने लगेज के बारे में पूछा तो उसके परिवार को नोखा से उठवाने की धमकियां दी गईं।

 

शिकायत में एनआरआई की ओर से आरोप लगाए गए हैं कि ट्रांसपोर्ट संचालक ने फर्जी तरीके से डीटीडीसी की राशिदें भी दी थी। जिनके आधार पर एनआरआई ने 10 और 11 मई की शाम तक बेंगलुरु में करीब 10 स्थानों पर डीटीडीसी के कार्यालयों पर जाकर अपना लगेज लेने का प्रयास किया था। लेकिन फर्जी रशीदें होने की वजह से उसका लगेज नहीं मिल सका। दो दिनों तक उनका टाइम भी खराब हुआ और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी।

बिना लगेज और बुरे अनुभव लिए एनआरआई गए अमेरिका

एनआरआई के पिता ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि उनका बेटा अपने जिलेवासियों के दुर्व्यवहार की वजह से रोता हुआ बिना लगेज के ही अमेरिका गया है। ट्रांसपोर्ट संचालक अजय सिहाग, देवेंद्र कौशिक और वीरेंद्र ने उनके बेटे से 12,500 रुपए ऐंठे हैं। वहीं फ्लाइट में लगेज बुकिंग के उनके बेटे के एक लाख दस हजार रूपये लगे। लेकिन श्रीबालाजी ट्रांसपोर्ट की बईमानी की वजह से लगेज को बेंगलुरु नहीं पहुंचाया गया। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा को मामले से अवगत करवाने के बाद जेएनवीसी थाना पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि उनके बेटे के अमेरिका जाने के कई दिन बाद लगेज खराब अवस्था में बेंगलुरु पहुंचा, जो आज भी वहीं पड़ा है।

#Kaant K. Sharma / Bhawani Joshi 

www.newsfastweb.com

 

 

Newsfastweb: