महाजन थाना में अमृतधारी सिख के साथ बदसलूकी, दो सिपाहियों पर गंभीर आरोप

गुरुद्वारा प्रबंधन समिति, अर्जुनसर की ओर से पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार

बीकानेर। जिले के महाजन पुलिस थाने में खाकी को शर्मसार करने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। अर्जुनसर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सदस्य रणवीर सिंह ने थाना महाजन के सिपाहियों पर शराब के नशे में उनके साथ मारपीट करने, अश्लील गालियां देने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

गुरुद्वारा समिति अर्जुनसर की ओर से आज पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई।

​पीड़ित रणवीरसिंह के अनुसार, घटना 22 जून, 2026 की है, जब वे एक सड़क दुर्घटना के सिलसिले में रिपोर्ट दर्ज कराने अंग्रेजसिंह के साथ थाने गए थे। आरोप है कि दोनों सिपाही राजेश और बहादुरराम ने दूसरे पक्ष के साथ मिलकर साजिश रच रखी थी। जब पीड़ित थाने के अंदर गए, तो नशे में धुत दोनों सिपाहियों ने रणवीर सिंह की दाढ़ी खींची, जबरन पगड़ी उतार दी और कृपाण छीनने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने आए अंग्रेज सिंह को भी बेरहमी से पीटा गया और उनका सिर दीवार पर दे मारा।

​घटना के दौरान आरोपी सिपाही राजेश चिल्लाता रहा कि “मैं पुलिस स्टेशन का मालिक हूँ।” मामले को लेकर जब गुरुद्वारा जत्थेदार ने थानाधिकारी से संपर्क किया, तो उन्होंने केवल आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार ने थाने के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने व मारपीट का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

#Kaant K.Sharma  / Bhawani Joshi 

www.newsfastweb.com

 

 

Newsfastweb: