प्रशासन की लापरवाही से हुई युवक की मौत : यूथ कांग्रेस

2308
युवा कांग्रेस
मुआवजे से नहीं हो सकती किसी के जीवन की भरपाई

बीकानेर। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग ने सूरसागर तालाब पर चलते कार्य के दौरान एक युवक की मौत पर अफसोस जताया है। साथ ही उन्होंने झुग्गी में रहने वाले इस युवक की मौत का जिम्मेदार प्रशासन और सरकार को ठहराया है।

बिशनाराम सिहाग ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि ये बात सभी जानते हैं कि प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे को खुश करने के लिए प्रशासन और नगर विकास न्यास शहर भर की समस्याओं को छोड़ कर सिर्फ सूरसागर को तैयार करने में लगे हुए हैं।

इस कार्य में जरा भी सावधानी बरती जाती तो युवक लादूराम भाट को अपनी जान से हाथ नहीं धोना पड़ता। प्रशासन और न्यास के गैरजिम्मेदाराना रवैये की वजह से लादूराम भाट का काल का ग्रास बना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे का रवैया हमेशा तानाशाही रहा है। इसी के चलते उन्होंने सूरसागर को तैयार करने के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया। मुख्यमंत्री नाराज नहीं हो और सूरसागर को दोबारा तैयार करके जनता की वाहवाही लूटी जा सके, इसके लिए ही न्यास और प्रशासन चौबिसों घंटे वहां कार्य करवा रहा है। जिसमें चूक होते ही एक जने की जान लील ली।

यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने कहा कि हालांकि ऐसी बातें भी सामने आ रही हैं कि मृतक के परिजनों को न्यास की ओर से पांच लाख रुपए की राशि का मुआवजा दिए जाने की घोषणा की गई है, लेकिन धन देकर किसी के जीवन की भरपाई नहीं की जा सकती है।

सरकार और प्रशासन को शहरवासियों की अन्य समस्याओं के निस्तारण की ओर भी ध्यान देना चाहिए जिससे शहरवासियों की हाय नहीं लगे।

यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग के साथ यूथ कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष धनपत चायल, मनोज सहारण, जिला प्रमुख प्रतिनिधि श्रीकृष्ण सींवर, श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हरिराम बाना ने भी युवक लादूराम भाट की मौत पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं और मृतक के परिजनों को इस दुख की घड़ी में सांत्वना दी है।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.