प्रदेशाध्यक्ष चांदना का दावा, हैं 18 से 20 जिताऊ नेता
जयपुर/बीकानेर। लगभग चार महीनों बाद प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में यूथ कांग्रेस भी टिकट की दावेदारी करेगी। टिकट का कोटा तय नहीं है, लेकिन जिताऊ और समर्पित कार्यकर्ताओं को टिकट दिलाए जाएंगे।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा है कि हमारा टिकटों का कोटा तय नहीं है, लेकिन जिताऊ उम्मीदवारों को ज्यादा से ज्यादा टिकट दिलाना हमारा लक्ष्य होगा। उनके इस बयान के बाद यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक चांदना ने भी इस बारे में कहा कि हमारे 15-20 कार्यकर्ता ऐसे हैं जो जीतने की ताकत रखते हैं। उनकी हम पैरवी करेंगे और टिकट दिलवाएंगे। आखिरी फैसला हाइकमान का होगा।
उधर, अल्लावरू ने यह भी ऐलान कर दिया कि जल्द ही संगठन की ओर से किसान, महंगाई, बेरोजगारी को लेकर आन्दोलन किया जाएगा। कुछ जगहों पर महिलाओं के लिए ‘आधी आबादी पूरा हक अभियानस शुरू किया जा चुका है। उनके अनुसार आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को बाहर किया जाएगा।
विधानसभा चुनाव के बाद होगा तय
चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से संगठन में नियुक्ति को लेकर अल्लावरू का कहना था कि विधानसभा चुनाव के बाद इस बारे में तय किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया में अगर कोई कमी है तो उसे सही किया जाएगा।
और सक्रिय होगी यूथ कांग्रेस
प्रदेशाध्यक्ष अशोक चांदना ने कहा कि हम मानते हैं कि प्रदेश में जनवरी से यूथ कांग्रेस निष्क्रिय पड़ी है लेकिन अब हम सरकार को हर मोर्चे पर घेरेंगे।










