हर वार्ड में जाएगा गौरव संदेश रथ, घर-घर देगा योजनाओं की जानकारी
बीकानेर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा में आमजन की भागीदारी हो, इसके लिए गौरव संदेश रथ शहर के हर वार्ड में जाकर लोगों को पीले चावल बांटेगा। साथ ही रथ पर सवार पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंच कर आमजन को देंगे।
भाजयूमो (युवा संसद) के राष्ट्रीय सहप्रभारी सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने आज मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि बुधवार (29 अगस्त) को पार्टी के वरिष्ठ नेता गौरव संदेश रथ को रवाना करेंगे।
इसके बाद आने वाले सप्ताह तक यह रथ शहर के सभी वार्डों में जाएगा। रथ के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता आमजन को राजस्थान गौरव यात्रा के तहत मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पीले चावल देकर आमंत्रित करेंगे। साथ ही केन्द्र व राज्य सरकार की उपलिब्धयों की जानकारी आमजन को देंगे।
शेखावत ने बताया कि केन्द्र व राज्य सरकार की ओर से एतिहासिक विकास कार्य करवाएं गए हैं। देश की जनता और युवाओं में भाजपा सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। केेन्द्र व राज्य सरकार की ओर से करवाए गए विकास कार्यों, योजनाओं की जानकारी पेम्फ्लेट व फोल्डर रथ के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचाएंगे। आने वाले एक सप्ताह तक शहर में नुक्कड़ सभाएं, घर-घर सम्पर्क का सघन अभियान चलाया जाएगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान छह सितम्बर को बीकानेर आएंगी। वे पहले मुकाम में जम्भेश्वर महाराज के समाधि स्थल पर जाएंगी।











