पॉलीथीन उपयोग ना करने की दिलाई शपथ
बीकानेर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड, मण्डल मुख्यालय बीकानेर की ओर से राजकीय बांठिया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय भीनासर में आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर में मंगलवार को विश्व जैव विविधता दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री मोहन सुराणा मुख्य अतिथि और गंगाशहर स्काउट स्थानीय संघ के प्रधान भवानीशंकर जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।
सीओ स्काउट जसवन्तसिंह राजपुरोहित ने बताया कि इस अवसर पर अतिथियों ने पॉलिथीन को मुख्य समस्या बताया और कहा कि इससे प्रजातियां प्रभावित होती हैैं। मुख्य अतिथि ने उपस्थितोंं को पॉलिथीन का उपयोग ना करने की शपथ भी दिलाई।
भवानी जोशी ने कहा कि हमें ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने चाहिए जिससे पर्यावरण संतुलित हो सके। सभी प्रकार जीव जन्तुओं को उचित वातावरण मिलना चाहिए। प्रधानाचार्य शशि शर्मा ने आगंतुकों का आभार जताया।
वन विभाग द्वारा भी आयोजन
वन विभाग की ओर से सूचना प्रौद्यागिकी विभाग, विज्ञान केन्द्र में भी अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस मनाया गया। इस वर्ष के जैव विविधता दिवस का स्लोगन ‘पृथ्वी पर जीवन की सुरक्षा’ घोषित किया गया है।
इस अवसर पर गंगासिंह विश्वविद्यालय के अनिलकुमार छंगाणी, डूंगर कॉलेज से डॉ. अनिल अरोड़ा, डॉ. प्रतापसिंह, डॉ. श्यामसुन्दर ज्याणी व वन विभाग के अधिकारियों ने जैव विविधता की महत्ता पर प्रकाश डाला। उपवन संरक्षक-वन्य जीव रामनिवास कुमावत ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दयाराम सहारण एवं अध्यक्ष डॉ. आसूसिंह, उप वन संरक्षक रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों के अलावा वन विभाग के कर्मचारी एवं वन्यजीव प्रेमियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।










