श्रमिकों ने किया प्रदर्शन, लगाया धरना

श्रमिकों को नहीं मिल रहा श्रम कल्याण योजनाओं का लाभ

बीकानेर। राज्य सरकार ने श्रमिकों के कल्याण के लिए बहुत सारी योजनाएं चला रखी हैं, लेकिन इन योजनाओं का लाभ कितने वांछित श्रमिकों को मिल रहा है, यह आज यहां श्रम आयुक्त कार्यालय के बाहर देखने को मिला।

सरकार की श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की वजह से परेशान हुए बहुत से श्रमिक आज श्रम आयुक्त कार्यालय पहुंच गए और वहां विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण श्रमिक संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले श्रम विभाग कार्यालय के धरना लगा दिया।

प्रदर्शन कर रहे इन श्रमिकों का कहना है कि विभाग में लम्बे समय से संयुक्त श्रम आयुक्त का पद रिक्त पड़ा है। जिसके चलते श्रमिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

संयुक्त संघर्ष समिति की संयोजक शबनम बानो ने बताया कि अधिकारी के नहीं होने से पिछले तीन साल से श्रमिकों को शुभ शक्ति योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं श्रमिकों को छात्रवृति और मजदूर डायरी नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने बताया की जिले की सभी पंचायत समितियों में विभिन्न योजनाओं में आवेदन बकाया चलने से श्रमिकों को योजनाओं का बिल्कुल भी लाभ नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा की सात दिन में निर्माण श्रमिकों की सुनवाई नहीं होने पर ट्रेड यूनियन के सदस्य जयपुर में प्रदर्शन करेंगे और सरकार को आईना दिखाएंगे।

 

Newsfastweb: