महिला कांग्रेस : नगर निगम आयुक्त का किया घेराव

2370
महिला कांग्रेस
जलभराव को लेकर आयुक्त को सुनाई खरी-खरी

बीकानेर। महिला कांग्रेस शहर की ओर से आज नगर निगम आयुक्त का घेराव किया गया। ज्यादातर इलाकों में नाले-नालियों की सफाई नहीं कराए जाने से हुए जलभराव से परेशान महिलाओं ने निगम आयुक्त प्रदीप गवांडे को खरी-खरी सुनाई।

प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहीं महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुनीता गौड़ ने बताया कि निगम आयुक्त को अवगत कराया गया है कि एक तरफ तो प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत का नारा जनता को दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा बोर्ड वाले निगम के अधिकारी शहर को ही साफ-सुथरा नहीं रख रहे हैं।

सरकार की ओर से करोड़ों रुपए का बजट सफाई के नाम पर दिया जाता है, जिसका दुरुपयोग किया जा रहा है। पिछले तीन दिनों में हुई बरसात की वजह से हर मोहल्ले की गलियों में जलभराव हो गया है।

नाले-नालियों की सफाई समय पर नहीं होने की वजह से कीचड़ सडक़ों पर पसर गया है। गिन्नाणी क्षेत्र में तो हालात इतने विकट हो गए हैं कि वहां पैदल तो क्या वाहनों पर से भी निकलना मुश्किल हो गया है।

शहर के ज्यादातर इलाकों में नाले ओवरफ्लो हो गए हैं। गिन्नाणी के अलावा डाक बंगले के पीछे, कोठारी अस्पताल, वैद्य मघाराम कॉलोनी, बल्लभ गार्डन, सुदर्शना नगर, सेटेलाइट अस्पताल आदि स्थानों पर नाले ओवरफ्लो हुए देखे जा सकते हैं।

कई इलाकों में सिवरेज भी अवरूद्ध हुई पड़ी है लेकिन निगम के अधिकारी इस पर भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। मुरलीधर व्यास नगर, जवाहर नगर, अन्त्योदय नगर, बंगाली मंदिर, पंचमुखा हनुमान मंदिर-रानीबाजार, गोगागेट आदि स्थानों पर सिवरेज अवरूद्ध हुए पड़े हैं। जिसकी वजह से सडक़ों पर गंदा पानी पसरा हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर 7 दिनों में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गई तो वे आन्दोलन को तेज करेंगी और इस बारे में मुख्यमंत्री को भी अवगत कराएंगी।

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की सिंवरी चौधरी, आशा स्वामी, मुमताज शेख, सरोज भाटी, जशोदा पांडुई, रामेश्वरी बिश्नोई, गुलशन, कमली बानो, जयश्री बागड़ी सहित कई महिलाएं शामिल रहीं।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.