पार्टी आलाकमान जो भी जिम्मेदारी देगा ईमानदारी से निभायेंगे : रामेश्वर डूडी

3148
रामेश्वर डूडी
file photo

प्रतिपक्ष नेता रामेश्वर डूडी ने कहा है कि चुनाव में अगर कांग्रेस को बहुमत मिलता है और विधायक दल की बैठक के बाद आलाकमान की ओर से प्रदेश की सत्ता की जिम्मेदारी उन्हें दी जाती है तो वे अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएंगे और प्रदेश में आम आदमी की सरकार बनेगी। वे आमआदमी को साथ लेकर चलेंगे।

नोटबंदी के दो वर्ष पूरे होने पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए इसे देशवासियों की कमर तोडऩे वाला काला आदेश बताया।

बीकानेर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में अभी 27 दिनों का समय बाकि है लेकिन कांग्रेस में मुख्यमंत्री की दौड़ कई दिनों पहले ही शुरू हो गई थी। पहले तक अशोक गहलोत ही मुख्यमंत्री के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे लेकिन जब प्रदेश में पार्टी का मुखिया सचिन पायलट को भी मुख्यमंत्री का दावेदार माना जाने लगा। अब प्रदेश के कांग्रेस में मुख्यमंत्री के दावेदारों में रामेश्वर डूडी का नाम भी जुड़ गया है।

प्रतिपक्ष नेता डूडी ने खबर द न्यूज से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस आमजन की पार्टी है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जनमत मिलने की पूरी संभावना दिखाई दे रही है। जनमत मिलने के बाद यहां विधायक दल की बैठक होगी और उसके बाद पार्टी आलाकमान सोनिया गांधी और राहुल गांधी प्रदेश के मुखिया का नाम तय करेंगे।

खबर द न्यूज ने जब उनसे मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल होने का सीधा सवाल पूछा तो उनका कहना था कि पार्टी आलाकमान अगर उनका नाम तय करेगा तो वे इस जिम्मेदारी को ईमानदारी के साथ उठाएंगे। प्रदेशवासियों को भी लगेगा कि अब आमआदमी की सरकार आई है।

नोटबंदी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए रामेश्वर डूडी ने कहा कि देशवासियों की कमर तोडऩे का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। देश की जनता उन्हें इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी। प्रधानमंत्री के इस निर्णय देश का हर वर्ग प्रभावित हुआ है। रोजगार खत्म हो गए। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है।

कांग्रेस में टिकट बिकने के सवाल पर डूडी ने कहा कि भाजपा के नेताओं के बयानों में जरा भी सच्चाई नहीं है। भाजपा हार देख कर बौखला गई है। बौखलाए भाजपा नेता इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस सिद्धान्तों पर चलने वाली पार्टी है।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.