आमजन में विश्वास जगाएगा ‘हम हैं राजस्थान पुलिस’

पुलिस के सीयूजी नम्बरों पर बज रहा यह थीम सॉन्ग

बीकानेर। राजस्थान पुलिस अपनी कार्यशैली से आमलोगों को जोड़ पाई है या नहीं, कहना मुश्किल है लेकिन अब पुलिस थीम सॉन्ग के साथ जनता से जुड़ने कवायद में जुट गई है।

दरअसल, राजस्थान पुलिस ने एक गीत तैयार करवाया है जो पुलिस के सीयूजी नम्बरों पर कॉल करने वाले आमजनों को कॉलर ट्यून के रूप में सुनाई देने लगा है।

पुलिस अफसरों के मुताबिक इस गीत के मुखड़े को प्रदेश के पुलिस थानों में होने वाली रोल कॉल के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा गाया जाएगा। साथ ही राजस्थान पुलिस के सीयूजी मोबाइल नम्बर की कॉलर ट्यून पर भी यह थीम सॉन्ग सुनाया जा ही रहा है। पिछले कुछ समय से इसको प्रयोग के तौर पर काम में लिया जा रहा है।

दो अंतरों में है यह गीत

पुलिस के उत्साह को बढ़ाने वाले इस गीत को दो अंतरों में तैयार किया गया है। साथ ही इसे संगीत और वीडियो दोनों में तैयार किया गया है। बाद में इसे आररपीए के एक कार्यक्रम में लॉन्च किया गया।

यह सॉन्ग राजस्थान पुलिस के सभी कार्यक्रमों में गाया और बजाया जाता है, जो प्रदेश की पुलिस को एकता और अखंडता के साथ जोड़ने वाला है। पुलिस के नम्बरों पर कॉल करने पर जब यह थीम सॉन्ग सुनाई देगा तो कॉलर को यह विश्वास हो जाएगा कि वह पुलिसकर्मी या अधिकारी से ही बात कर रहा है, किसी अन्य से नहीं।

करीब 25 साल बाद आया नया थीम सॉन्ग

राजस्थान पुलिस का नया थीम सॉन्ग ‘हम है राजस्थान पुलिस’ करीब 25 वर्षों बाद अब नए अंदाज में सुनाई दे रहा है। थीम सॉन्ग पर पिछले साल आंशिक बदलाव कर नया रूप दिए जाने का काम शुरू कर दिया गया था।

इस गीत को लगभग 25 साल पहले प्रख्यात लेखक हरिराम आचार्य ने लिखा था। इस गीत में संगीत राजस्थान पुलिस बैण्ड का है और इसे राजस्थानी गायक रवीन्द्र उपाध्याय ने अपने स्वर दिए हैं।

 

Newsfastweb: