मोहता सराय में टूटी पाइप लाइन, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
बीकानेर। एक तरफ तो सरकार जल संरक्षण के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है वहीं दूसरी तरफ सरकार के कारिन्दें ही सरकार के इस महत्वाकांक्षी अभियान को पलीता लगा रहे हैं। सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की बेपरवाही का आलम देखिए कि सूचना देने के बाद भी जल को व्यर्थ (Wasted water) बहने से रोकने की कार्रवाई नहीं की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मोहता सराय में सिस्टर निवेदता बालिका कॉलेज के पास पिछले सात दिनों से पानी लगातार व्यर्थ बह रहा है। यहां बिछी पाइप लाइन टूटी हुई है जिससे काफी मात्रा में पानी बह चुका है और अभी भी बह रहा है। आस-पास रहने वालों ने इस बारे में जलदाय विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मौके पर पहुंच ‘खबर द न्यूज.कॉम के फोटो जर्नलिस्ट ने जब लक्ष्मीनाथ मंदिर के पास स्थित जलदाय विभाग कार्यालय में मौजूद अधिकारी से सम्पर्क कर इस बारे में बात की तो उनका कहना था कि उन्हें कर्मचारियों से फीडबैक मिला है कि वहां पाइप लाइन ठीक कर दी गई है। जबकि मौके पर हकीकत और ही बयां हो रही थी।
आस-पास रह रहे लोगों ने बताया कि मोहता सराय में बिछी पाइप लाइन पिछले 15 दिनों से जगह-जगह से टूट रही है। कई बार तो विभाग के कर्मचारी इसे ठीक कर जाते हैं, कई बार कई दिनों तक पानी यूहीं बहता रहता है।