बीकानेर। सरगम सप्ताह के पांचवे दिन आज वोट मैराथन के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया गया। एमएम स्कूल मैदान से जस्सूसर गेट के अंदर तक आयोजित मैराथन में डेढ़ दर्जन से ज्यादा स्कूलों-कॉलेजों के विद्यार्थियों, खिलाडिय़ों, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने भागीदारी निभाई।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा स्वीप प्रभारी अजीत सिंह एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एएच गौरी ने सरगम सप्ताह की थीम पर आधारित यलो झंडी दिखाकर इसे रवाना किया।
इस अवसर पर स्वीप प्रभारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को संकल्प लेना होगा कि वह स्वयं मतदान करेगा और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेगा। विभिन्न संस्थाएं अभियान से जुड़ी हैं। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माशि) सुनील बोड़ा ने आभार जताया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक (कॉलेज शिक्षा) डॉ. दिग्विजय सिंह, कार्यक्रम समन्वयक रामकुमार पुरोहित, स्वीप कमेटी सदस्य गोपाल जोशी, पवन खत्री, भंवरसिंह, कैलाश धवल सहित विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
दिव्यांग निकालेंगे ट्राईसाइकिल रैली
सरगम सप्ताह के छठे दिन शुक्रवार को दिव्यांगजन ट्राईसाइकिल रैली निकालेंगे। इसकी शुरुआत सुबह 11 बजे रतनबिहारी पार्क से होगी। यहां से कलक्ट्रेट परिसर में पहुंचकर दिव्यांग शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लेंगे तथा मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को प्रेरित करेंगे।











