विजय माल्या को सता रहा है संपति खोने का डर, वापिस आने की सोच रहा

2349
विजय माल्या

ईडी अब तक साढ़े तेरह हजार करोड़ रुपए की संपति जब्त की

नई दिल्ली। भारतीय बैंकों से हजारों करोड़ रुपये का कर्ज लेकर ब्रिटेन भागे शराब कारोबारी विजय माल्या देश में लौटना चाहता हैं।

जानकारी के मुताबिक माल्या को इस बात का डर सता रहा है कि अगर वो देश नहीं लौटता है तो उसे अपनी सारी संपति से हाथ धोना पड़ सकता है।

दरअसल, संसद से पारित नए कानून के तहत एक बार भगोड़े अपराधियों की संपति जब्त हो जाएगी तो उसे दोबारा छुड़ाया नहीं जा सकेगा।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब तक माल्या की 13,500 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी सील की है। जांच एजेंसी के अधिकारी के मुताबिक माल्या की लगभग सारी प्रॉपर्टी सील कर दी गई है। एक बार ये सील होने के बाद दोबारा नहीं मिलती है। विजय माल्या इन संपतियों पर दोबारा कब्जा हासिल करने के लिए नए रास्ते की तलाश में हैं। अधिकारियों के मुताबिक माल्या पिछले दो महीने से देश में आने की कोशिश कर रहा है।

गौरतलब है कि विजय माल्या की ब्रिटेन से प्रत्यर्पण को लेकर कोशिशें तेज हो गई हैं। पिछले दिनों विजय माल्या ने प्रत्यर्पण के खिलाफ भारतीय जेलों की खराब स्थिति का हवाला देते हुए याचिका लगाई थी।

विजय माल्या ने कोर्ट में दलील दी थी कि आर्थर रोड जेल के हालात काफी खराब है। उन्होंने कहा था कि वहां जेल में ठीक तरीके से रोशनी नहीं आती और वहां कई बार मानवाधिकारों का उल्लंघन भी होता है।

पिछले दिनों लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने सीबीआई को कहा था कि वो भारत की उस जेल का वीडियो दें जहां माल्या को रखा जाएगा। जिसके बाद सीबीआई ने आर्थर रोड जेल का वीडियो कोर्ट को सौंप दिया है। सीबीआई के मुताबिक ये वीडियो करीब 8 मिनट का है। जिसमें आर्थर रोड जेल के उस बैरक को दिखाया गया है, जहां विजय माल्या को रखा जा सकता है।

ज्ञात रहे कि किंगफिशर एयरलाइन के पूर्व मालिक माल्या ने धोखाधड़ी और तकरीबन 9000 करोड़ रुपए के धन शोधन के आरोपों में प्रत्यर्पण के भारत के प्रयासों को चुनौती दी है। वो पिछले साल अप्रेल से गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा है।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.