राजस्थान गौरव यात्रा की तैयारियों का लेंगे जायजा
बीकानेर। राजस्थान गौरव यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने नगरीय एवं स्वायत शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी बुधवार शाम सर्किट हाउस पहुंचे। जहां भाजपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा को लेकर उत्साह है। उदयपुर संभाग में गौरव यात्रा को जबरदस्त समर्थन मिला है। जोधपुर संभाग में भी गौरव यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री और भाजपा को अच्छा समर्थन मिल रहा है। आमजन में पार्टी के प्रति काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों का भाजपा और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रति इतना उत्साह देख कर विपक्षी परेशान हो रहे हैं। बौखलाहट साफ देखी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि बीकानेर संभाग के कार्यकताओं में भी यात्रा को लेकर काफी उत्साह है। हम सब मिलकर बीकानेर की राजस्थान गौरव यात्रा को और भी शानदार बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार की कई योजनाओं से लोगों को लाभ मिला है। पूरे प्रदेश में जनकल्याण के विकास कार्य हुए हैं। इस लिए गौरव यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने नगरीय निकायों को लेकर कहा कि प्रदेश में पहली बार निकायों की आर्थिक स्थिति को भाजपा सरकार ने ठीक किया है। वहीं उन्होंने स्थानीय पार्षदों की नाराजगी को लेकर भी उनसे बातचीत करने की बात कही।
इस अवसर पर पश्चिमी क्षेत्र विधायक डॉ. गोपाल जोशी, भाजपा शहर अध्यक्ष सत्य प्रकाश आचार्य सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।











