चालक का किया था अपहरण, ट्रक लूट कर ले गए थे आरोपी
बीकानेर। ट्रक लूट के दो वर्ष पुराने मामले में आज नाल थाना पुलिस ने दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले के अन्य आरोपियों की तलाश में हैं।
पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा ने बताया कि 11 नवम्बर, 2016 को बाड़मेर के खबड़ाला निवासी दुर्जनसिंह पुत्र श्यामसिंह ने नाल थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसके ट्रक चालक लक्ष्मीलाल को अपहरण करते हुए चार शख्स ट्रक लूट ले गए हैं।
आरोपियों ने लूटे गए ट्रक के चालक को जोधपुर के पास छोड़ दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल थी लेकिन मामला लम्बित होता रहा।
पुलिस की ओर से फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 जून, 2018 को नाल थानाप्रभारी धरम पूनिया के नेतृत्व में बूटासिंह, रामकुमार भादू, व राजेन्द्रकुमार की टीम गठित की और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के निर्देश दिए। दबिश के दौरान नागौर के ढींगसरी निवासी शक्तिराम पुत्र खेताराम को राउण्डअप किया गया और उससे पूछताछ की गई।
पूछताछ में पुलिस के सामने आई जानकारी के आधार पर अबोहर निवासी बलदेवसिंह उर्फ काला पुत्र मोहनसिंह तथा अंबाला के सुुखचैनपुरा निवासी विजयपाल उर्फ रामदास पुत्र ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश कर रही है।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी ट्रक व छोटी गाडिय़ों को रोक कर उनके चालकों के साथ मारपीट कर गाड़ी लूट ले जाते थे। बाद में आरोपी लूटी गई गाड़ी के नम्बर बदल कर उसे कहीं आगे बेच देते थे।
आरोपी शक्तिराम व विजयपाल उर्फ रामदास के खिलाफ श्रीगंगानगर व पंजाब में इस तरह के कई मामले चल रहे हैं। ये आरोपी पंजाब, राजस्थान के श्रीगंगानगर के कई थानों में वांछित हैं। आरोपियों से और भी कई वारदातों के खुलने की संभावना पुलिस ने जताई है।