डम्पर-बोलेरो की भिड़ंत में दो की मौत, चार घायल

बीकानेर। जयपुर-बीकानेर राजमार्ग पर मंगलवार सुबह गुसांईसर से थोड़ा आगे तेज गति में आए बजरी से भरे डंपर ने सामने की तरफ से आ रही बोलेरो जीप को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुघर्टना में बोलेरो में सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को पीबीएम ट्रोमा सेन्टर में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सेरूणा पुलिस ने क्षतिग्रस्त बोलेरो और डंपर को कब्जे में लिया।

जानकारी के मुताबिक दुर्घटना का शिकार हुए बोलेरो में सवार युवक सीकर में जीणमाता के दर्शन करने के बाद देशनोक में करणीमाता के दर्शन करने जा रहे थे। तभी तेज गति में आए डंपर ने बोलेरो को चपेट में ले लिया।

हादसे में राहुल सिंह पुत्र नरपतसिंह तथा रिछपाल पुत्र प्रेमसिंह की मौके पर मौत हो गई। जबकि उनके साथी राजवीर सिंह, विजय सिंह, महेन्द्र सिंह तथा राजवीर पुत्र सज्जन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आपातकालीन एम्बूलेंस सेवा 108 के जरिए ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद डंपर चालक और खलासी वहां से फरार होने में कामयाब रहे। इधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर दोनों शव मृतकों के परिजनों को सौंपे।

Newsfastweb: