संस्थान प्रशासन नहीं दे रहा संतोषजनक जवाब, छात्र परेशान
बीकानेर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 13 अगस्त से वार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी और आज तक छात्रों के प्रवेश पत्र भी नहीं आए हैं। ऐसे में परेशान हुए छात्रों ने आज संस्थान कार्यशाला के मुख्य दरवाजे पर ताले लगा दिए और संस्थान प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने बताया कि सोमवार को परीक्षाएं शुरू होनी है, लेकिन अभी तक प्रवेश पत्र विद्यार्थियों को नहीं मिले हैं। शनिवार और रविवार को सभी सरकारी कार्यालयों के साथ यहां भी अवकाश रहेगा। ऐसे में छात्र सोमवार को परीक्षाएं कैसे दे सकेंगे।
इस बारे में पिछले दो-तीन दिनों से संस्थान प्राचार्य को कहा जा रहा है लेकिन उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इस पर विद्यार्थियों ने संस्थान मुख्यालय के ईमेल आईडी पर मेल भेज कर अपनी समस्या बताई लेकिन वहां से भी किसी प्रकार का जवाब नहीं दिया गया।
संस्थान प्रशासन ने बिना रोल नम्बर के ही यहां छात्रों की प्रायोगिक परीक्षाएं तो ले ली, लेकिन सैद्धान्तिक परीक्षाएं बिना रोल नम्बर से ये किस प्रकार ले पांएगे? इस बारे में संस्थान प्राचार्य से बात करने के लिए आज यहां सभी विद्यार्थी आए तो पता लगा कि प्राचार्य मौजूद नहीं है। ऐसी स्थिति में संस्थान के सभी विद्यार्थी काफी परेशान हैं।
प्रदर्शन करने वालों में संस्थान के सतीश शर्मा, युवराज सिंह, रितिक दैया, भरत पंवार, सक्षम तिवाड़ी सहित बहुत से छात्र शामिल रहे।











