बीकानेर। धरणीधर तालाब को पुराने वैभव में लाने की कोशिश आज से शुरू की गई है। जन शिक्षण संस्थान की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत आज धरणीधर मंदिर मैदान में जल प्रबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उप महापौर अशोक आचार्य ने कहा कि धरणीधर तालाब बहुत पुराना है लेकिन बजरी का खनन कार्य होने के कारण यह लुप्त हो गया। यहां के स्थानीय लोगों ने इस तरफ ध्यान दिया और इसको वापिस इसके पुराने स्वरूप में लाने का संकल्प लिया है।
प्रशासन और समाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से धरणीधर तालाब को पुराने वैभव में लाने की कोशिश शुरू कर दी गई है। आचार्य ने कहा कि यह शहर का एक ऐतिहासिक जल संरक्षण का अच्छा उदाहरण साबित होगा।
संस्थान के अधिकारी आनंद पुरोहित ने कार्यक्रम की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जल प्रबंधन समय की जरूरत है। हमें पानी का प्रबंधन करना आवश्यक है। यह प्रकृति द्वारा दिया गया एक ऐसा उपहार है जिसका हमें सम्मान करना चाहिए।
इस दौरान महेन्द्र पुरोहित, पुरुषोतम स्वामी, नरेश आचार्य, गिरिराज पुरोहित, सुनील आचार्य, दुर्गाशंकर आचार्य, रामलाल सोनी सहित कई जने मौजूद रहे।











