बीकानेर। नगर विकास न्यास अध्यक्ष व सचिव ने गुरुवार को न्यास के चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने चांदमल बाग, सुजानदेसर, गंगाशहर, भीनासर सहित रामदेव नगर में मौके पर पहुंच विकास कार्यों की जानकारी ली। अध्यक्ष व सचिव ने गुरुवार को न्यास के चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने चांदमल बाग, सुजानदेसर, गंगाशहर, भीनासर सहित रामदेव नगर में मौके पर पहुंच विकास कार्यों की जानकारी ली।
नगर विकास अध्यक्ष महावीर रांका ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए चांदमल बाग व सुजानदेसर स्थित ट्रीटमेंट प्लांट व डिग्गियों का निरीक्षण किया। नोखा रोड के पास निर्माणाधीन प्रवेश द्वार तथा गंगाशहर-भीनासर बस स्टेण्ड पर यात्रियों के बैठने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
न्यास सचिव राष्ट्रदीप यादव ने बताया कि जल्दी ही पत्थर मंडी और हनुमाननगर में विकास कार्य शुरू करवाने के निर्देश दिए गए हैं। पत्थर मण्डी में विकास कार्यों के लिए पहले ही तीन करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत कर दिया था। निरीक्षण के दौरान चालीस बीघा रिक्त पड़ी भूमि पर नई योजना शुरू करने के लिए न्यास अध्यक्ष से भी चर्चा की गई।
न्यास के अशोक चौहान ने बताया कि रामदेवनगर में करीब पचास लाख रुपए की लागत से तैयार हो रहे सामुदायिक भवन का अध्यक्ष व सचिव ने निरीक्षण किया तथा समयावधि ध्यान में रखने व गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर विकास न्यास अध्यक्ष और न्यास सचिव ने नागणीचेजी व मरुधरा नगर के नए बायपास तथा गुफा मंदिर में हुए विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया।











