ओवर लोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, विभाग के दावे खोखले
बीकानेर। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय पर आज ट्रक मालिकों ने ओवरलोड चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ट्रक मालिकों ने अपनी मांग का ज्ञापन जिला परिवहन अधिकारी को सौंपा।
प्रदर्शन करने वाले इन ट्रक मालिकों का आरोप है की विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत की वजह से ही सड़कों पर ओवर लोड वाहन चलाए जा रहे हैं। विभाग के अधिकारी इन ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। जिसकी वजह से ओवरलोड वाहन चालकों और वाहनमालिकों के हौसले बुलंद हो गए हैं।
कई बार परिवहन विभाग के अधिकारियों को ट्रक मालिकों की ओर से इस बारे में शिकायत की गई लेकिन उन्होंने कभी भी ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। ट्रक मालिकों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी जिले में ओवरलोड धड़ल्ले से चलाए जा रहे हैं और विभाग केवल कार्रवाई करने का आश्वासन दे रहा है।
वहीं जिला परिवहन अधिकारी नरेशकुमार ने बताया कि जिले में अवैध बजरी और खनन ओवर लोड के लिए विशेष अभियान की शुरुआत रविवार से ही से कर दी गई है। विभाग की फ्लाइंग टीमों को ओवरलोड वाहनों को प्रतिबंधित करने के लिए पाबंद भी किया है।
गौरतलब है कि शहर में ओवरलोड वाहन सरेआम सड़को पर दौड़ते नजर आते हैं। कई बार तो नो एन्ट्री जोन और आबादी वाले इलाकों में भी ओवरलोड वाहन घुस आते हैं।
हैरानी की बात है कि परिवहन विभाग की ओर से ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई होती कभी नहीं देखी गई है। हालांकि विभाग के अधिकारी इन ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के दावे तो करते रहते हैं लेकिन हकीकत इससे बहुत अलग दिखाई देती है।