धनतेरस से दिवाली तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

यातायात पुलिस ने जारी किया तीन दिनों तक रहने वाला रूट चार्ट

बीकानेर। पंच दिवसीय दीपोत्सव पर बाजारों में रहने वाली भीड़ को देखते हुए सीओ यातायात पुलिस ने पांच नवम्बर (सोमवार) से सात नवम्बर तक यातायात की व्यवस्था में कुछ बदलाव किया है।

इन तीन दिनों तक सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के वाहन, ऊंट गाड़ा, बैल गाड़ा आदि निर्धारित किए गए प्र्रमुख बाजारों में आवागमन नहीं करेंगे।

सीओ यातायात कार्यालय की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति में बताया गया है कि सादुलसिंह सर्किल से कोटगेट तक, कोटगेट अन्दर से किशन स्वीट्स-दाऊजी मन्दिर रोड तक, कोटगेट से अणचाबाई अस्पताल तक, फड़ पॉइंट से लालजी होटल तक, प्रेमजी पॉइंट से बोथरा कॉम्पलेक्स, अग्रसेन सर्किल तक, रतनबिहारी पार्क से बड़े हनुमानजी मंदिर तक ऊंटगाड़ा, बैल गाड़ा तथा सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन इन तीन दिनों में सुबह आठ से रात 11 बजे तक बंद रहेगा।

यातायात प्रभारी सुमेर सिंह इन्दा के अनुसार इन तीन दिनों में स्टेशन रोड का यातायात राजीव मार्ग-अणचाबाई अस्पताल-सिटी कोतवाली-मोहल्ला कुम्हारान होते हुए आ जा सकेगा।

इसी प्रकार पब्लिक पार्क का यातायात मुख्य डाकघर-रोशनीघर चौराहा-चौंखूटी ओवरब्रिज-जस्सूसर गेट होकर अन्दर आ जा सकेगा। केईएम रोड, स्टेशन रोड, भैरूजी की गली, दाऊजी रोड का क्षेत्र नो पार्किंग जोन रहेगा।

किसी भी प्रकार के वाहनों को इन क्षेत्रों में खड़ा नहीं होने दिया जाएगा, अगर कोई वाहन खड़ा पाया गया तो उसे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

सेना के सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग जूनागढ़ की दीवार के पास, सादुलसिंह सर्किल पर तय की गई है।

वहीं दोपहिया वाहनों की पार्किंग रतनबिहारी पार्क, राजीव गांधी मार्ग (फोर्ट स्कूल) तथा सादुल स्कूल और मॉर्डन मार्केट रखी गई है।

इस बार दीपोत्सव के अवसर पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों, मुंह पर कपड़ा बांध कर, बिना नम्बर की और तीन सवारी बैठे दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

Newsfastweb: