नगर निगम, बीकानेर : न आएगा ट्रेक्टर, न उठेगा कचरा

नगर निगम अनुबंधित ट्रेक्टर यूनियन धरने पर

बीकानेर। अब शहरी इलाके में न ट्रेक्टर आएगा और न ही कचरा उठेगा। नगर निगम में अनुबंध पर लगे ट्रेक्टर चालकों ने और अन्य सफाईकर्मियों ने सोमवार से काम बंद कर दिया है और निगम कार्यालय में धरना लगा दिया है।

धरने पर बैठे नगर निगम अनुबंधित ट्रेेक्टर यूनियन समिति के अध्यक्ष राकेश सियोता ने बताया कि वर्तमान में निगम में सफाईकर्मियों की 395 पदों पर जो भर्तियां निकली हुई हैं, उसमें अनुबंधित सफाईकर्मियों को विशेष प्राथमिकता नियुक्ति दिए जाने की मांग काफी पहले महापौर, निगम आयुक्त और जिला कलक्टर से की गई थी, लेकिन उन्होंने इस पर जरा भी ध्यान नहीं दिया। जिससे मजबूर होकर अनुबंधित सफाईकार्मिकों को धरने पर बैठना पड़ा है।

समिति उपाध्यक्ष प्रवीणकुमार जावा और सचिव धर्मेन्द्र जावा ने बताया कि अनुबंधित सफाईकर्मी वर्ष-2012 से शहर की सफाई व्यवस्था में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। तब से ही उनका पीएफ भी काटा जा रहा है। वर्ष-2012 में निगम में 601 पदों पर सफाईकर्मियों की भर्ती हुई थी, उसमें भी अनुबंधित सफाईकार्मिकों की अनदेखी की गई थी। अब छह वर्ष बाद भी भर्ती हो रही है, तब भी हमारी अनदेखी की जा रही है।

महापौर और प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी की वजह से आज 35 ट्रेक्टर कचरा उठाने शहर में नहीं गए हैं। जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती हैं तब तक धरना जारी रहेगा और काम भी बंद रहेगा।

समिति के महासचिव राजेश चौहान और कोषाध्यक्ष मनोज पण्डित ने बताया कि ट्रेक्टर चालक और कचरा उठाने वाले अन्य सफाईकर्मियों की मांग जायज है। क्योंकि हम लोग पिछले कई वर्षों से शहर में सफाई कार्य कर रहे हैं। बार-बार चेताए जाने के बाद भी महापौर और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मांग पर ध्यान नहीं दिया है। अपने हक के चलते अनुबंध पर लगे सफाईकार्मिकों ने संघर्ष शुरू किया है।

धरने पर निगम में प्रतिपक्ष नेता जावेद पडिहार, शहाबुदीन, आदर्श शर्मा सहित कई पार्षद भी मौजूद रहे।

Newsfastweb: