बीकानेर में चोर मुस्तैद, पुलिस सुस्त

thenews.mobilogicx.com

बीकानेर में चोर अपने काम में पूरी तरह से लग गए हैं। लगातार एक हफ्ते से चोरी की अनेक घटनाएं बीकानेर में हो चुकी है। लगातार हो रही चोरियां यह दर्शा रही है कि या तो चोर मुस्तैद हो गए हैं अथवा पुलिस सुस्त। गत सात दिनों मे ही चोरियों के पांच मामले दर्ज किए गए हैं।

हाल ही में 23 दिसम्बर को चोरों ने जस्सूसर गेट के बाहर बंद मकान के ताले तोड़े और पांच कमरों रखे लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चुराकर फरार हो गए। घर के हालात के मुताबिक चोर काफी देर वहां रहे और बड़े आराम से अपने काम को अंजाम दिया।

जस्सूसर गेट के बाहर रहने वाले मकान मालिक हनुमान चांडक ने बताया कि उनका परिवार सात दिसंबर को घर बंद कर उड़ीसा गया था। उनका चचेरा भाई विजय चांडक रोज घर संभालकर जाता था। उसने 23 दिसंबर की रात को 10 बजे घर पर ताले लगे देखे थे। रात को 11 बजे के बाद चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए।

घर में ग्राउंड फ्लोर और फस्ट फ्लोर पर पांच कमरों और उनमें अलमारियों के भी ताले तोड़े। वहां रखे छह-सात लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात, हीरे का सैट और 20-25 हजार रुपए नकद चुरा लिए। चोरों ने कमरों में रखा सारा सामान खंगाल लिया और बिखेर दिया।

चांडक ने बताया कि चोरों ने हीरे का सैट, नथ, टीका, तिनका, सोने का नेकलैस, कान के टोप्स, चूडिय़ां, अंगूठी, कड़े, चेन, बालियां, जड़ाऊ सैट, हार, ब्रासलेट, लॉकेट, मोतियों की माला, मंगलसूत्र, चांदी के दो बड़े सैट, हार, कड़े, थाली, 50 सिक्के, थाली सहित अन्य सामान व 20000 रुपए नकद चुरा लिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद वे फरार हो गए। अगले दिन 24 दिसंबर को चचेरा भाई घर संभालने पहुंचा तो चोरी का पता चला। इत्तला मिलने पर नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस को मौके से फिंगर प्रिंट मिले हैं।

Newsfastweb: