पकड़ा चोर, बरामद किए 42 लाख रुपए

3103
पांचू थाना
पांचू थाना क्षेत्र के धरनोक गांव में करीब डेढ़ महीने पहले हुई थी चोरी

बीकानेर। पांचू थाना क्षेत्र के धरनोक गांव में लगभग डेढ़ महीने पहले सरपंच के घर से 46 लाख रुपए की हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक जने को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी शख्स के पास से चोरी किए गए रुपयों में से 42 लाख रुपए बरामद भी किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा ने बताया कि 17 जून को धरनोक निवासी पूर्व सरपंच अमरचंद बिश्नोई के घर में चोरी हुई थी। वारदात के दिन अमरचंद बिश्नोई ने किसी जमीन के सौदे के लिए 50 लाख रुपए अपने घर में रखे थे। जिसमे से 4 लाख रुपए की राशि पेशगी के रूप में दे दी थी और बाकि के 46 लाख रुपए एक बैग में डालकर कमरे में रख दिए थे।

17 जून की रात को अज्ञात व्यक्ति रुपयों से भरा बैग चुराकर ले गया था। इस पर घर मालिक अमरचंद बिश्नोई की रिपोर्ट पर पांचू थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पहले नोखा सीओ, पांचू थानाधिकारी सहित कई अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाने की कोशिश की थी। आस-पास के क्षेत्र में पड़ताल भी की थी। इसके बाद वे स्वयं वारदातस्थल पर मुआयना करने पहुंचे थे।

उनके निर्देश पर इस मामले का खुलासा करने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों में शामिल पुलिस अधिकारियों ने गहनता से पड़ताल की और शक के आधार पर धरनोक गांव में रहने वाले कैलाश बिश्नोई को राउंडअप कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। जिस पर उससे चोरी की रकम में से 42 लाख रुपए बरामद किए गए।

फिलहाल पुलिस आरोपी शख्स से शेष रही चोरी की गई रकम बरामदगी करने की कोशिश में जुटी है और आरोपी से पड़ताल कर रही है।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.