जलदाय विभाग के कर्मचारियों ने किया अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता का घेराव
बीकानेर। जलदाय विभाग के कर्मचारी मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के सामने विरोध करेंगे। कर्मचारियों की संयुक्त संघर्ष समिति ने विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता को इस बारे में आज चेतावनी दी है।
जानकारी के मुताबिक संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आज विभाग के कर्मचारी उरमूल सर्किल के पास स्थित अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता कार्यालय पहुंचे। सातवें वेतन आयोग का लाभ नहीं मिलने से आक्रोशित कर्मचारियों ने अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता और अधीक्षण अभियन्ता का घेराव किया।
कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व कर रहे कर्मचारी नेता जयकिशन पारीक ने बताया कि विभाग के आला अधिकारियों को अवगत कराया गया है कि विभाग के अण्डरएज कर्मचारियों का पहले फिक्सेशन नहीं हुआ था, अब फिक्सेशन हुए भी काफी समय हो गया। ऐसे में कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ दिया जाना चाहिए।
आक्रोशित कर्मचारियों ने विभाग के दोनों आला अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर अब भी जल्दी से उनकी जायज मांग को नहीं माना गया तो वे कल यहां मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के सामने अपना विरोध व्यक्त करेंगे।











