विद्यार्थी ने छोड़ा स्कूल तो गुरुजी को देना होगा जवाब

कक्षा 5, 8 और 10 पास कर चुके विद्यार्थियों का मामला

बीकानेर। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाला कोई भी विद्यार्थी अब अगर स्कूल छोड़ कर दूसरी जगह जाएगा तो गुरुजी को इस बारे में शिक्षा विभाग को जवाब देना पड़ेगा। सरकार की यह कवायद सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की हर स्तर पर मॉनिटरिंग किया जाना, मानी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक स्कूल छोड़कर जाने वाले विद्यार्थियों की जानकारी कक्षा अध्यापक और अन्य विषयाध्यपकों को जुटानी होगी। यह जानकारी उन्हें 31 जुलाई तक राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद को देनी होगी। परिषद का मानना है कि इससे शिक्षा में सुधार हो सकेगा।

आए दिन मिलती रहती हैं शिकायतें

सूत्रों के अनुसार आए दिन परिषद और शिक्षा विभाग में शिकायतें पहुंचती हैं कि गुरुजी समय पर स्कूल नहीं आते हैं या फिर पढ़ाई नहीं होती, जिसकी वजह से अभिभावक बच्चों का एक स्कूल छुड़ा कर दूसरे में दाखिला करवा देते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब हर स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग होगी। यदि एक भी विद्यार्थी स्कूल छोड़कर गया तो गुरुजी को कारण बताना होगा।

कहां गया विद्यार्थी बताना होगा

सत्र 2017-18 में कक्षा 5, 8 और दस में अध्ययनरत सभी विद्यार्थी सत्र 2018-19 में उसी विद्यालय की कक्षा 6, 9 व 11 में अध्ययनरत हों, ऐसी व्यवस्था संस्था प्रधान व अन्य शिक्षकों को करनी होगी।

अगली कक्षा होते हुए भी विद्यार्थी स्कूल छोड़ कर क्यों गया। इसके पीछे क्या कारण था। स्कूल छोडक़र जाने वाले विद्यार्थी अब किस विद्यालय में प्रवेश लिया है, इसका भी पूरा विवरण जुटा कर संस्था प्रधान परिषद को देगा। ऐसा नहीं करने पर संस्था प्रधान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

 

Newsfastweb: