भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की ली बैठक

राजस्थान गौरव यात्रा में आमजन को जोड़ने के लिए सक्रिय होने का आह्वान

बीकानेर। संभाग में 6 सितम्बर से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा को लेकर आज भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अशोक सैनी ने मोर्चा कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी तरह से सक्रिय हो जाएं और मुख्यमंत्री की बीकानेर संभाग की गौरव यात्रा को आमजन की यात्रा बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ें।

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा की 4 अगस्त से शुरू हुई राजस्थान गौरव यात्रा को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा लगातार काम कर रहा है। उदयपुर और जोधपुर के बाद 6 सितम्बर को बीकानेर संभाग में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे प्रदेश के गौरव की यात्रा के साथ यहां आएंगी। जिन-जिन विधानसभा क्षेत्रों में गौरव यात्रा जाएगी, भाजयुमो कार्यकर्ता वहां जाकर यात्रा का स्वागत करने और आमजन को इस गौरव यात्रा से जोड़ने का काम करेगा।

उन्होंने कहा की भाजयुमो मोटर साइकल रैली और युवा हस्ताक्षर रथ के माध्यम से युवाओं को राजस्थान गौरव यात्रा से जोड़ने काम कर रहा है। बीकानेर में भी तीन सितम्बर से यह रथ युवाओं को जोड़ने का काम करेगा।

साथ ही आमजन को केन्द्र व राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे। योजनाओं से लाभान्वित होने की प्रक्रिया समझाएंगे।

वहीं उन्होंने युवा मोर्चा में चल रही गुटबाजी को लेकर कहा की कार्यकारिणी को लेकर विवाद था लेकिन नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद सब ठीक हो गया। अब सब कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष रमजानअली, प्रियंका, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष विक्रमसिंह, युवा संसद के राष्ट्रीय सहप्रभारी सुरेन्द्रसिंह शेखावत सहित संभाग भर से आए भाजयुमो के पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

Newsfastweb: