नेताओं के पाला पलटते ही चेंज हो जाते हैं सुर

2482
नेताओं

अब राहुल गांधी का गुणगान करने में लगे हैं, पहले मोदी-वसुन्धरा से अलग होने पर शहीद करने के थे दावे। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुभाष महरिया का पुराना वीडियो हुआ वायरल।

 सीकर। रंग बदलने की कला चुनाव के दिनों में नेताओं में इतनी बढ़ जाती है कि गिरगिट भी उनसे कहीं पीछे छूटता नजर आता है। रंग बदलने की इसी कला का प्रदर्शन इन दिनों सीकर के कद्दावर नेता और पूर्व में भाजपा सरकार में केन्द्रीय मंत्री रहे सुभाष महरिया कर रहे हैं।

दरअसल, अभी इन दिनों महरिया का एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो उस वक्त का है जब सुभाष महरिया ने जब सुभाष महरिया ने निर्दलीय चुनाव लडऩे के दौरान सीकर के रामलीला मैदान में सभा के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन किया था।

जानकारी के मुताबिक केंद्र की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे सुभाष महरिया को वर्ष-2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने टिकट नहीं दिया था। उनकी बजाय पार्टी ने सुमेधानंद सरस्वती को सीकर से उम्मीदवार बनाया था।

खुद की टिकट कटने से नाराज महरिया ने निर्दलीय लोकसभा का चुनाव लड़ा था और खुद को सर्व समाज का प्रत्याशी बताया था। उस वक्त सीकर में रामलीला मैदान में सभा करके महरिया ने शक्ति प्रदर्शन किया था जिसमें महरिया ने लोगों को विश्वास दिलाया था कि वे हर हाल में मोदी और वसुंधरा की साथ ही रहेंगे। अगर निर्दलीय चुनाव जीत भी जाएंगे तो भी कभी भी इन से बाहर नहीं जाएंगे। लेकिन इन दिनों सुभाष महरिया कांग्रेस में पूरी तरह से सक्रिय हैं और राहुल गांधी की महिमा का बखान करते नहीं थक रहे हैं। महरिया आए दिन केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना भी साध रहे हैं।

यह कहा था उस वक्त सुभाष महरिया ने

जानकारी के मुताबिक वर्ष-2014 में सीकर के रामलीला मैदान में आयोजित हुई सभा में सुभाष महरिया ने कहा था कि ‘भगवान श्री राम के चरणों में वंदन करते हुए, महाबली हनुमान के चरणों में वंदन करते हुए माता सीता के चरणों में धोक लगाते हुए, मैं यह वचन देता हूं कि मैं हमारी नेता वसुंधरा राजे और आदरणीय नरेंद्र मोदीजी से बाहर चला जाऊं, तो आप सभी 36 बिरादरी के लोग इसी रामलीला मैदान में मुझे खड़ा करके शहीद कर देना, भगत सिंह की तरह।’

आज पार्टी बदलते ही महरिया के सुर भी बदल गए हैं। मोदी और वसुन्धरा राजे से दूर जाने की बात तो अलग वे जमकर उन पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि लोग नेताओं को गिरगिट से ऊंची नस्ल का मानने लगे हैं।

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.