कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह आयोजित
बीकानेर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड बीकानेर की ओर से राजकीय बांठिया बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रहे ग्रीष्मकालीन कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का समापन आज समारोहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के राज्य सचिव रविनन्दन भनोत थे। अध्यक्षता मण्डल चीफ कमिश्नर स्काउट डॉ. विजयशंकर आचार्य ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत स्काउट की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. विमला डुकवाल, समाजसेवी गुलाब गहलोत, जगदीशप्रसाद सारड़ा, मण्डल कमिश्नर ओमप्रकाश सारस्वत सहित सहायक राज्य संगठन आयुक्त घनश्याम व्यास, मण्डल सचिव देवानन्द पुरोहित, स्थानीय संघ गंगाशहर के उपप्रधान भवानीशंकर जोशी, उप्रधान गिरीराज खैरीवाल, वरिष्ठ स्काउटर रणजीतसिंह शेखावत, गौरीशंकर गहलोत मौजूद थे।
संचालक जसवन्तसिंह राजपुरोहित ने बताया कि मुख्य अतिथि भनोत ने शिविर में बालकों द्वारा बनाई गईं कलाकृतियों की प्रशंसा करते हुए कहा की बालकों के प्रतिभा ज्ञान को ऐसे शिविर दिशा देते हैं। बालिकाओं के जीवन में स्वावलम्बन का गुण विकसित करने में ऐसे आयोजन सहायक है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में विजयशंकर आचार्य ने कहा कि शिविर की सार्थकता प्रदर्शनी में लगी वस्तुओं में दिखती है जो बालकों के कौशल का संर्वद्धन करती है।
विशिष्ट अतिथि विमला डुकवाल और गुलाब गहलोत ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रीष्मकालीन अवकाश का सद्पयोग तो होता ही है, साथ ही रोजगार की सम्भावनाएं भी विकसित होती है।
समापन समारोह में बालक-बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। शिविर अवधि में हुई विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं के पुरस्कार भी वितरित किए गए।
शिविर प्रभारी प्रभूदयाल गहलोत ने बताया कि इस अवसर पर स्काउटर रणजीतसिंह द्वारा संकलित पुस्तक सर्वधर्म प्रार्थना सभा का विमोचन राज्य सचिव रविनन्दन भनोत ने गिरधर पैलेस भीनासर में किया।











