प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर किया पथराव
बीकानेर। कलक्टर कार्यालय परिसर में आज उस समय अचानक हालात बिगड़ गए जब आयुष्मान हार्ट केयर सेंटर अस्पताल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन उग्र हो गया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी भांजी। पुलिस के इस रवैये से प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ता और उग्र हो गए और उन्होंने पुलिस कर्मियों पर पथराव कर दिया।
आयुष्मान हार्ट हॉस्पिटल के डॉक्टर बीएल स्वामी की गिरफ्तार करने की मांग को लेकर पिछले 28 दिन से हॉस्पिटल के पास धरने पर बैठे प्रदेश कांग्रेस सचिव रामनिवास कुकणा और उनके साथियों ने आज कलेक्ट्रेट का घेराव किया और कलेक्ट्रेट पर धरना लगाया। इस धरने पर पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल, पूर्व मंत्री डॉ.बीड़ी कल्ला, केश कला बोर्ड के अध्यक्ष महेंद्र गहलोत भी शामिल हुए।
शाम को एक प्रतिनिधि मंडल अपनी मांगों को लेकर कलक्टर से वार्ता के लिए पहुंचा लेकिन वार्ता विफल हो गई। ऐसे में रामनिवास कुकणा ने संघर्ष जारी रखने का ऐलान कर दिया। कलेक्ट्रट पर मौजूद बड़ी संख्या में आए आक्रोशित युवाओं ने कलक्टर कार्यालय के आगे बेरीकेड्स को धक्का देकर गिराना शुरू कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस और प्रदर्शनकारियों में धक्का मुक्की होने लगी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज शुरू कर दिया। उग्र हुए प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे कई लोगों को चोटे भी आईं हैं।
जिसके बाद एडिशनल एसपी सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को कलेक्ट्रेट से बहार खदेड़ दिया। वहीं रामनिवास कुकणा, श्रीकृष्ण, हरिराम गोदारा सहित कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रामनिवास कूकना ने कहा कि जब तक आयुष्मान हॉस्पिटल को सीज और डॉक्टर बीएल स्वामी को गिरफ्तार नहीं किया जाता संघर्ष जारी रहेगा।
वहीं एडिशनल एसपी सौरभ तिवारी का कहना है वार्ता विफल होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने बेरीकेड्स गिराने शरू कर दिए, समझाइस करने पर प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया है। पत्थरबाजी में कई लोगों को चोट भी आई है।
#Kaant K. Sharma / Bhawani Joshi
www. newsfastweb.com












