श्रीहीरेश्वर द्वादश महादेव मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव

देवार्चना यज्ञ, दुर्गा सप्तशती का पाठ सम्पन्न

बीकानेर। सेठ हीरालाल गहलोत की स्मृति में नव निर्मित श्रीहीरेश्वर द्वादश महादेव मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव आज दूसरे दिन भी जारी रहा। सुबह 10 बजे से मंदिर परिसर में देवार्चना (देवताओं की प्रार्थना) यज्ञ शुरू हुआ।

देवार्चना यज्ञ पण्डित राजेन्द्र किराडू के आचार्यत्व में पण्डित मुरलीधर एवं पण्डित उमेश कुमार के साथ 21 वैदिक पण्डितों ने सम्पूर्ण करवाया। इसमें मण्डप पूजन, त्रिवेदी औषधी स्नान, निस्त्रोमिलन संस्कार यज्ञ, धान्याधिवास, गणेशमंत्रयाद, रूद्रमंत्रयाद तथा दुर्गासप्तसती का आयोजन भी साथ हुआ।

आज के अनुष्ठान में यजमान के रूप में गहलोत परिवार के माणक गहलोत, नीरज गहलोत सपत्नी शामिल हुए और यज्ञ में आहुतियां अर्पित की।

आयोजन से जुड़े विष्णुदत्त गहलोत के अनुसार बुधवार सुबह नित्यार्चन यज्ञ का आयोजन होगा। कलश यात्रा दोपहर एक बजे ब्रह्म सागर मंदिर से रवाना होकर नव निर्मित श्रीहीरेश्वर द्वादश महादेव मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम शुरू होगा जो कि मूर्ति स्थापना तक जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में हरिद्वार के महामण्डेलश्वर प्रेमानंद महाराज, शिवबाड़ी मठ के पीठाधीश्वर स्वामी संवित सोमगिरि महाराज, नवलेश्वर मठ के महंत योगी शिवसत्यनाथ महाराज के सान्निध्य में होंगे।

कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद डॉ. कर्णसिंह यादव, रामेश्वर डूडी, डॉ. बीडी कल्ला, कोलायत विधायक भंवरसिंह भाटी सहित कई नेता मौजूद रहेंगे।

 

Newsfastweb: