राजस्थान गौरव यात्रा शुरू अमित शाह और मदनलाल सैनी ने भी किया सम्बोधित
कांकरोली। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शनिवार को राज्य के मतदाताओं से अपील की कि वे प्रदेश में हर पांच साल में दूसरी पार्टी की सरकार बनाने की परिपाटी को रोकें। वह राजस्थान गौरव यात्रा की शुरुआत में पहली जनसभा को संबोधित कर रहीं थी।
वसुंधरा राजे ने कहा कि इतिहास रचने में समय लगता है यह आसानी से नहीं होता और यह तभी होगा जब हर पांच साल में सरकार बदलने की यहां जो परंपरा है उसे बदली जाए। इसे बदलने की हमें कोशिश करनी है। उन्होंने कहा कि नई पार्टी की सरकार आने पर पुरानी सरकार की सारी योजनाएं ठप हो जाती हैं।
राज्य को देश में सिरमौर बनाना चाहती है हमारी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में विकास की आंधी लाना चाहती है और उसे देश में सिरमौर बनाना चाहती है। इस दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। इस अवसर पर वसुंधरा राजे ने अपनी सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि उनकी सरकार केवल योजनाएं ही नहीं बनाईं बल्कि जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने साधा कांग्रेस पर निशाना
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबी हटाओ की बात करने वालों ने विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने भाषण में केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं का जिक्र किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा की।
वसुंधरा राजे के अलावा सभा को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने भी संबोधित किया।
शाह ने यात्रा रथ (विशेष बस) को औपचारिक रूप से रवाना किया। वसुंधरा राजे इस यात्रा के दौरान 40 दिन तक प्रदेश की 174 विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगी और जनसभाएं करेंगी। इससे पहले भी उन्होंने दो बड़ी यात्राओं की शुरुआत यहीं से की थी।











