मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन
बीकानेर। नहरबंदी शुरू होने के बाद से ही शहर में पानी की किल्लत बनी हुई है। कई इलाकों में तो एक घंटे भी पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। पानी की किल्लत से आमजन काफी परेशान है।
शुक्रवार को सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने पर्याप्त पानी देने की मांग को लेकर पवनपुरी क्षेत्र स्थित जलदाय विभाग के कार्यालय के आगे विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों का कहना था कि पिछले चार महीनों से मेडिकल हॉस्टल में पानी की किल्लत चल रही है।
कई बार मेडिकल प्रशासन को भी इस बारे में कहा गया। शुरू में तो मेडिकल प्रशासन ने पानी के टैंकर मंगवा दिए लेकिन रोजाना पानी के टैंकर नहीं मंगवाए जा सकते हैं।
इसके बाद जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियन्ता को पानी की किल्लत से अवगत कराया गया तो उनका कहना था कि पानी की कमी नहीं है। यहां जलदाय कार्यालय आकर अधिकारियों से कहते हैं तो वे कहते हैं कि पीछे से जितना पानी आ रहा है, उतना दे रहे हैं।
प्रदर्शनकारी छात्र धर्मेन्द्र भांभू ने बताया कि पानी की किल्लत के चलते मेडिकल विद्यार्थी न तो कॉलेज समय पर जा रहे हैं और न ही अस्पताल जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हॉस्टल सहित पूरे पीबीएम अस्पताल में पानी की किल्लत हो रही है। सैकड़ों रोगी यहां भर्ती हैं, उनके साथ परिजन भी यहीं हैं, ऐसे में पानी की किल्लत है तो वे कहां जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द हॉस्टल, मेडिकल कॉलेज और पीबीएम अस्पताल में पानी की समस्या का समाधान किया जाए।
गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से शहर के विभिन्न इलाकों में पानी की किल्लत आमजन महसूस कर रहे हैं। कई बार लोगों ने कलक्टर कार्यालय के आगे इस समस्या को लेकर प्रदर्शन भी किए हैं, लेकिन पानी की किल्लत ज्यों की त्यों बनी हुई है।
इन्द्रा कॉलोनी, रामपुरा, अमरसिंह पुरा, सुभाषपुरा, पुरानी गिन्नाणी, मेहरों का बास, नत्थूसर बास, परकोटे के भीतर आदि क्षेत्र ऐसे हैं जहां रोजाना आधे से पौने घंटे ही पानी की आपूर्ति की जा रही है।