डर कर बाहर भागे लिपिक
बीकानेर : पीबीएम अस्पताल में अधीक्षक कक्ष के बाहर लगी डीपी में गुरुवार को अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। जिससे एकबारगी वहां हड़कम्प मच गया। गनीमत यह रही कि वहां किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के मुताबिक सुबह अचानक अधीक्षक कमरे के बाहर लगी डीपी में चिंगारियां निकलने लगी और पटाखे फूटने जैसी आवाजें आने लगी। वहां अलग-अलग कमरों में काम कर रहे लिपिक आवाजें सुनकर बाहर निकले तो देखा कि वहां तारों में चिंगारियां निकल रही हैं। ये देखकर वे वहां से दूर हट गए और विद्युतकर्मी को सूचना दी। मौके पर विद्युतकर्मी ने डीपी में जा रहे तारों को काट दिया जिससे चिंगारियां वहीं थम गईं और बड़ा हादसा होने से टल गया।
गौरतलब है कि पीबीएम अस्पताल में इस प्रकार से शॉर्ट सर्किट कई बार हो चुके हैं। अस्पताल प्रशासन इस समस्या का स्थाई समाधान करवाने में उदासीनता बरतता रहा है।











