चयनित शिक्षकों ने गाए गीत, मांगी नियुक्ति

2309
चयनित शिक्षकों
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के सामने चार दिनों से धरना जारी

बीकानेर। प्रदेशभर से आये वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2016 में चयनित शिक्षकों ने आज धरनास्थल पर गीत गाकर सरकार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से नियुक्ति देने की मांग की। चयनित शिक्षकों का धरना पिछले चार दिनों से जारी है।

जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2016 में चयनित चार विषयों के करीब सात हजार अभ्यर्थी काफी समय से नियुक्ति की मांग सरकार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कर रहे हैं।

आज चयनितों ने गीतों के माध्यम से प्रदर्शन कर नियुक्ति देने की गुहार सरकार और विभाग के अधिकारियों से लगाने की कोशिश की है।चयनित अभ्यर्थियों ने धरनास्थल पर हारमोनियम, ढोलक और मजीरे के साथ गीत गाते हुए संगीतमयी माहौल में सरकार और विभाग के अधिकारियों से नियुक्तियां दिए जाने का निवेदन किया।

चयनित अभ्यर्थी सुरेंद्रसिंह ने कहा कि चार दिन से वे लोग अपना घर-परिवार छोड़ कर धरने पर बैठे हैं, इसके बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एक तरफ तो सरकार युवाओं को नौकरी देने के दावे कर रही है और चुनाव में वोट बटोरने की कोशिश कर रही है, दूसरी तरफ यहां बैठे अभ्यर्थी सरकार के उपक्रम की ओर से ली गई परीक्षा में पास हुए हैं, मामला न्यायालय में पहुंचा तो वहां से भी नियुक्ति देने के आदेश जारी हो गए हैं। इसके बाद भी सरकार और विभाग के अधिकारी उन्हें नियुक्ति नहीं दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार के रवैए से परेशान हुए अभ्यर्थी 17 जुलाई से सामुहिक अनशन पर बैठेंगे। जब तक उन्हें नियुक्ति नहीं मिलेगी तब तक धरना और अनशन जारी रहेगा।

गौरलतब है कि वरिष्ठ अध्यापक भर्ती-2016 में गणित, संस्कृत, हिंदी व अंग्रेजी विषय मे चयनित करीब 7 हजार अभ्यर्थियों को अभी नियुक्ति नहीं मिली है।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.