छह महिलाओं को सरलादेवी सम्मान, मुख्यमंत्री गहलोत ने भेजा संदेश

महिलाओं ने मनवाया अपनी प्रतिभा का लोहा-जनार्दन कल्ला

Bikaner/thenews.mobilogicx.com

समाजसेविका सरला देवी शर्मा की स्मृति में दसवां महिला सम्मान समारोह शनिवार को महाराजा नरेन्द्र सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। इस अवसर पर छह महिलाओं को ‘सरलादेवी सम्मान’ प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ कांग्रेस नेता जनार्दन कल्ला थे।

उन्होंने कहा कि आज महिलाओं ने शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य सहित समस्त क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। महिलाओं ने सिद्ध कर दिया है कि वे किसी से कम नहीं। ऐसी महिलाओं का सम्मान करना अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा किया जा रहा कार्य सरलादेवी शर्मा को सच्ची श्रद्धांजलि है।

सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एचएस कुमार ने बताया कि संस्था द्वारा अब तक 51 महिलाओं को सम्मानित किया जा चुका है। यह महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक कदम है।

वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि सरलादेवी सदैव सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही। सादगी, सहजता और सरलता उनकी सबसे बड़ी खूबी थी।

सरला देवी स्मृति संस्थान के संयोजक एडवोकेट हीरालाल हर्ष ने स्वागत उद्बोधन दिया। अध्यक्ष अरविंद मिढ्ढा ने कहा कि संस्था ने सदैव सरलादेवी के सिद्धांतों का अनुसरण करने का प्रयास किया है। इसी श्रृंखला में प्रतिवर्ष महिला सम्मान आयोजित किया जाता है।

साहित्यकार डॉ. रेणुका व्यास ने सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं का परिचय प्रस्तुत किया। साजिद सुलेमानी ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन ज्योतिप्रकाश रंगा ने किया। पार्षद हजारीमल देवड़ा ने आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने भेजा संदेश

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अपना शुभकामना संदेश प्रेषित किया। वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र जोशी ने इसका वाचन किया। मुख्यमंत्री गहलोत ने स्व. सरलादेवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें सहज, व्यवहारकुशल, मिलनसार तथा सदैव रचनात्मक कार्यों के माध्यम से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने वाली महिला बताया।

इनका हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी साहित्यकार-शिक्षाविद् डॉ. प्रकाश अमरावत, साहित्यकार सीमा भाटी, सूचना तकनीक विशेषज्ञ अंशु भल्ला मेहता, चर्मरोग विशेषज्ञ डॉ. जया वर्मा, उर्दू साहित्यकार डॉ. शकीला बानो तथा पैरामेडिकल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बसंती मेघवाल का सम्मान किया गया। सभी को अभिनंदन पत्र तथा शॉल अर्पित किए गए। कार्यक्रम में भारती शर्मा, अलका शर्मा, कन्हैयालाल कल्ला, अरुण व्यास, टीकूराम, रूघाराम, थानमल भाटी, नितिन वत्सस, नृसिंह व्यास, चानणमल, एन.डी. रंगा, मुश्ताक भाटी, चंद्रशेखर जोशी, बुलाकी शर्मा, कमल रंगा, राजाराम स्वर्णकार, दाऊलाल सेवग, बृजगोपाल जोशी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

वाट्सएप पर खबरों के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/BH8MzpmL4VYHcjOR46E6fo

Newsfastweb: