यश दवे के पिता के संघर्ष को सलाम : मेघवाल

यश दवे संदिग्ध मौत की जांच करके चार्जशीट पेश करने के एसपी को निर्देश

बीकानेर। केन्द्रीय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने आज सरकिट हाउस में पचासों लोगों की मौजूदगी में यश दवे के पिता विष्णुरत्न दवे से वार्ता करते हुए कहा कि ‘ इनके संघर्ष को सलाम’।  उन्होंने पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा को यश दवे प्रकरण में लम्बित पड़ी जांच को जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए हैं साथ ही उन्होंने यश के पिता विष्णुरत्न दवे आश्वस्त करते हुए कहा कि अब इस मामले की जांच पूरी होने के बाद ही रुकेगी।

जानकारी के मुताबिक केन्द्रीय राज्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक को कहा कि ‘मैं जब भी आता हूं, ये मेरे से मिलते हैं, तीन वर्षों से धरना दे रहे हैंं। आप देखते नहीं है। प्रार्थी कहे, कोर्ट कहे या मैं कहूं, जांच तो आपको करनी है, फिर पांच वर्षों से जांच लम्बित क्यों पड़ी हुई है। प्रार्थी तीन वर्षों से यश दवे की संदिग्ध मौत की जांच नहीं करने वाले जांच अधिकारियों एवं नियंत्रण अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहा है। मुकदमा दर्ज होने से अच्छा है कि आप लम्बित पड़ी जांच को पूरा करके चार्जशीट पेश कर दें।’

इस दौरान सरकिट हाउस में कलक्टर डॉ.एनके गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा, भाजपा के शहर जिला अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य सहित बहुत से लोग मौजूद थे।

गौरतलब है कि दयानन्द पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले यश दवे की हुसंगसर हैड की नहर में संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई थी। स्कूल संचालक अपने राजनीतिक रसूखों से जांच कार्य प्रभावित करते आए हैं।

इस मामले की जांच उस दौरान सीओ सिटी शिवभगवान ने की थी जिसमें स्कूल संचालक अलका डॉली पाठक को लापरवाही से ऐसा कृत्य कारित करना पाया जिससे किसी की मृत्यु हो जाए, के जुर्म में दोषी करार दिया था। लेकिन इसके बावजूद रसूखदारों की पहुंच के चलते यह जांच जहां की तहां रोक दी गई।

वहीं इस मामले की जांच के लिए मृतक यश दवे के पिता पिछले 1227 दिनों से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना दे रहे हैं।

उल्लेखनीय यह भी है कि हुसंगसर हैड पर पिकनिक के लिए निषेध किया हुआ है। इसके बावजूद स्कूल संचालकों ने अपने स्कूल के बच्चों को वहां पिकनिक के लिए भेजा था।

 

Newsfastweb: