खड़े ट्रोले में जा घुसी रोडवेज बस
बीकानेर। जामसर के पास आज दोपहर रोडवेज की बस और ट्रोले की टक्कर हो गई। जिसमें पांच जनों की मौत हो गई और दो दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची जामसर पुलिस ने घायलों को पीबीएम ट्रोमा सेन्टर पहुंचाया। जहां घायलों का उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक बीकानेर केन्द्रीय बस स्टेण्ड से रवाना होकर रोडवेज की बस श्रीगंगानगर की तरफ जा रही थी। रोडवेज बस जामसर से करीब पांच सौ मीटर आगे निकली ही थी कि अचानक वहां खड़े ट्रोले में पीछे से जा घुसी। एकदम हुए इस भीषण हादसे से बस में और आस-पास क्षेत्र में चीख-पुकार मचने लगी।
राजमार्ग पर चल रहे अन्य वाहन चालकों ने बस में से घायलों को निकाला और दूसरे वाहनों से पीबीएम ट्रोमा सेन्टर भेजना शुरू किया। इसी बीच सूचना मिलने पर जामसर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और वह भी घायलों को अस्पताल भेजने में जुट गयी। पुलिस ने मौके पर यातायात जाम भी नहीं होने दिया।
बताया जा रहा है कि मौके पर ही दो जनों की मौत हो गई थी। जबकि एक की अस्पताल लाते समय और अन्य दो जनों की इलाज के दौरान सांसेें थम गई। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं।
इधर, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा और पुलिस अधीक्षक सवाईसिंह गोदारा ट्रोमा सेन्टर पहुंचे और घायलों से कुशलक्षेम पूछी। घायलों ने बताया कि इस रोडवेज बस में ज्यादातर ऐसी सवारियां थी जो यूजीसी नेट की परीक्षा देने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, नोहर, भादरा से बीकानेर आयीं थी।
बस से बाहर पड़े थे शव
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। बस में बैठी सवारियां उछलकर बाहर आ गिरींं। बस के अन्दर लहुलूहान हुए महिला-पुरुषों में हाहाकार मचा था।
मौके पर मौजूद लोग मशक्कत कर बस में घुसे और घायल सवारियों को बाहर निकाला। बस के अन्दर का मंजर बहुत दर्दनाक था।











