महिला रंगकर्मियों से बलात्कार की घटना का विरोध

झारखंड में नुक्कड़ नाटक करने वाली महिला कलाकारों के साथ हुआ था बलात्कार

बीकानेर। गांधी पार्क में आज रंगकर्मियों ने प्रतिरोध सभा का आयोजन किया। जिसमें महिला रंगकर्मियों के साथ झारखंड में हुई बलात्कार की घटना का विरोध किया गया।

सभा में मौजूद कला क्षेत्र से जुड़े लोगों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार से महिला रंगकर्मियों के साथ अन्याय किया जा रहा है, ये बहुत निंदनीय है। कलाकार अपनी कला से सामाजिक बुराइयों को लोगों के सामने रखकर उन्हें दूर करने का संदेश देता रहा है। ऐसे में उन्हीं कलाकारों के साथ इस प्रकार घटनाएं स्वस्थ समाज के लिए उचित नहीं मानी जा सकती हैं।

इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को महिलाओं के प्रति अपनी सोच बदलनी होगी। देश में महिलाओं को देवी का दर्जा दिया जाता है, वहीं महिलाओं के साथ दुष्कर्म की वारदातें कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार को ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए।

सभा में दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने की मांग सरकार से की गई। गौरतलब है कि झारखंड में 19 जून को कई महिला रंगकर्मियों के साथ दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई थी।

वरिष्ठ रंगकर्मी विनोद भटनागर ने कहा कि बीकानेर के रंगकर्मी शहर में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से इस घटना का विरोध करेंगे और सरकार को ज्ञापन देकर पीड़िताओं को उचित मुआवजा दिए जाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा देने की मांग करेंगे।

सभा में वरिष्ठ रंगकर्मी दयानन्द शर्मा, विजयसिंह राठौड़, आनन्द वी.आचार्य, बुलाकी शर्मा, विक्रम जागरवाल, रामसहाय हर्ष, रफीक एम.कादरी सहित नाटक एवं कला से जुड़े बहुत से लोग मौजूद रहे।

Newsfastweb: