सर्व समाज की 525 प्रतिभाओं का सम्मान

2323
सर्वसमाज

बीकानेर। सर्वसमाज की 525 प्रतिभाओं का आज विभिन्न धर्मावलम्बियों व शिक्षाविदें ने किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए कैरियर सम्बंधित व्याख्यान भी हुआ।

आयोजनकर्ता सुनीता गौड़ ने बताया कि कार्यक्रम में स्वामी केशवानन्द कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर छींपा, राजूवास के पूर्व कुलपति प्रो. एके गहलोत, सागर विद्यापीठ के स्वामी रामेश्वरानन्द , मौलवी हाफिज फरमानअली, ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय की कमल बहिन, कांग्रेस नेता जमना बारुपाल बतौर अतिथि मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. छींपा ने इस अवसर पर कहा कि मुझे अलग-अलग समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के कार्यक्रमों में शिरकत होने का मौका मिला है। लेकिन सर्वसमाज के बच्चों को सम्मानित करने का पहला अनुभव है।

यह बीकानेर की गंगा-जमुनी संस्कृति को मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने सम्मानित हुई प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इस शहर का नाम रोशन करेंगी।

विशिष्ठ अतिथि पशु चिकित्सा एवं पशुविज्ञान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. गहलोत ने कहा कि प्रतियोगी दौर में विद्यार्थियों को सोच समझकर अपना कैरियर चुनना चाहिए। उन्हें उन्हीं विषयों का चयन करना चाहिए, जिनमें उनकी रुचि है।

उन्होंने कहा कि अपने कैरियर को लेकर छात्र वर्ग काफी दबाव महसूस करता है। ऐसे में माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें उनकी रूचि के विषय को चुनने दें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सागर विद्यापीठ के अधिष्ठाता स्वामी रामेश्वरानंद पुरोहित ने कार्यक्रम संयोजिका सुनीता गौड़ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अब तक इन्होंने सर्वसमाज की 2500 से अधिक प्रतिभाओं का सम्मान कर चुकी है, जो अनुकरणीय है।

विशिष्ठ अतिथि ब्रह्मकुमारी विश्वविद्यालय की कमल बहिन ने नैतिक मूल्यों पर प्रकाश डाला और कहा कि जिस देश के युवा चरित्रवान, बुद्धिमान होता है,वह अवश्य प्रगति करता है।

पूर्व सांसद जमना बारूपाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में प्रतिस्पद्र्धा बढ़ती है और जीवन की राह चुनने में आसानी रहती है।

कार्यक्रम की संयोजिका सुनीता गौड़ ने कहा कि समाजों में आज नैतिमूल्यों का स्थापित करने की जरूरत है। छात्र-छात्राओं को चाहिए कि वे चरित्रवान और संस्कारित बने। मातृशक्ति का सम्मान करें।

इस अवसर पर चन्द्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों का अपना कैरियर चुनने के टिप्स बताए। आयोजन से जुड़े शिव प्रसाद गौड़ ने सभी का आभार जताया।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.