प्रदेश भर में मतदाताओं को जागरुक करने के उद्देश्य से निर्वाचन विभाग की ओर से चलाए जा रहे सरगम सप्ताह का चौथा दिन।
बीकानेर। सरगम सप्ताह के चौथे दिन आज जिले में बहुत से स्थानों पर रंगोली बनाकर शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया गया। विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों की छात्राओं ने इसमें उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।
मुख्य कार्यक्रम कलक्ट्रेट परिसर में हुआ, जहां जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी अजीत सिंह सहित आमजन ने इसका अवलोकन किया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गुप्ता ने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने की मुहिम में ‘सरगम सप्ताह’ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस दौरान आयोजित हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से बूथ स्तर तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे जिले का प्रत्येक मतदाता जागरुक हो और 7 दिसम्बर को होने वाले चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग कर सके।
कलक्ट्रेट की रंगोली राजकीय महारानी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा सजाई गई।
इन्होंने सजाई रंगोली
जिला मुख्यालय पर राजकीय बांठिया बाउमावि भीनासर द्वारा जवाहर पुस्तकालय चैराहा, राजकीय बोथरा बाउमावि द्वारा बोथरा चौक, राजकीय करनाणी बामावि द्वारा महावीर चौक, राजकीय बाउमावि गुरुद्वारा द्वारा रानी बाजार चौराहा, राउमावि मुरलीधर व्यास नगर द्वारा मुरलीधर चौराहा, राबाउमावि बारहगुवाड़ द्वारा गोकुल सर्किल, राबाउमावि महर्षि दयानंद मार्ग द्वारा स्कूल के पास, राबाउमावि सूरसागर द्वारा सूरसागर स्कूल तिराहा, गंगा चिल्ड्रन रामावि द्वारा कीर्ति स्तम्भ चौराहा में रंगोली सजाई गई।
इसके अलावा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कई स्थानों पर रंगोली बनाकर मतदान में भागीदारी का आह्वान किया गया।