राज्यसभा सांसद मदनलाल सैनी होंगे भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष !

जयपुर। राज्यसभा सांसद मदनलाल सैनी को बीजेपी का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है और इसकी आधिकारिक घोषणा कभी भी हो सकती है। प्रदेश में पिछले ढाई महीने से खाली पड़े बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष पद पर आखिर शुक्रवार को नियुक्ति होने जा रही है।

सूत्रों के अनुसार राज्यसभा सांसद मदनलाल सैनी को नया प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है और इसकी आधिकारिक घोषणा कभी भी हो सकती है। झुंझुनूं से लोकसभा सीट के लिए चुनाव लड़ने वाले मदनलाल सैनी पार्टी की अनुशासन समिति के सदस्य भी हैं। विधायक रह चुके सैनी को शेखावाटी में बीजेपी को खड़ा करने वाले गिने चुने नेताओं में शामिल किया जाता है।

मदनलाल सैनी को दो महीने पहले ही राज्यसभा चुनाव में खड़ा किया था और संख्याबल के आधार पर उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित किया गया था। बीजेपी के तीनों उम्मीदवार इस चुनाव में निर्विरोध विजयी रहे थे। मदनलाल सैनी के साथ बीजेपी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव के साथ लालसोट विधायक किरोड़ी लाल मीणा भी राज्यसभा सदस्य बने थे।

गौरतलब है कि पिछले ढाई महीनों से प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए केन्द्रीय नेतृत्व, राज्य नेतृत्व और संघ के बीच काफी मशक्कत हो रही थी। केन्द्रीय नेतृत्व ने अपनी तरफ से जोधपुर सांसद गजेन्द्रसिंह शेखावत का नाम आगे किया था लेकिन प्रदेश नेतृत्व ने इस नाम पर स्वीकृति नहीं दी थी।

इसके बाद दिल्ली में दो दिनों तक पार्टी के शीर्षस्थ नेता और मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे सहित प्रदेश के अन्य बड़े नेताओं के बीच प्रदेशाध्यक्ष के लिए मंथन किया गया था लेकिन जब कोई नतीजा नहीं निकला तो इस मीटिंग को चुनाव की तैयारी मीटिंग कह दिया गया था।

प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए गजेन्द्रसिंह शेखावत, भूपेन्द्र यादव, किरोड़ीलाल मीणा, अर्जुनराम मेघवाल, अरुण चतुर्वेदी के साथ अशोक परनामी का नाम लिया जा रहा था लेकिन इनमें से किसी भी नाम पर काफी मंथन के बाद भी निष्कर्ष नहीं निकल सका था।

विधानसभा चुनाव नजदीक आने से पार्टी के कार्यकर्ताओं को अपने प्रदेशाध्यक्ष की काफी जरूरत महसूस की जा रही है। अगर आज प्रदेशाध्यक्ष पद के नाम की घोषणा हो जाती है तो कार्यकर्ताओं में नया संचार आ सकता है।

 

Newsfastweb: