राजस्थान कांग्रेस : चुनाव बाद तय होगा मुख्यमंत्री : अविनाश पांडे

2408
मुख्यमंत्री

नई दिल्ली। प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर गुटबाजी की खबरों के बीच कांग्रेस महासचिव एवं राज्य प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा है कि विधानसभा चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और मुख्यमंत्री का फैसला चुनाव के बाद होगा।

पांडे ने कहा कि जनता कांग्रेस को जिताने का मन बना चुकी है। चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में ही होगा। इसमें सभी नेताओं का सामूहिक योगदान होगा। ऐसे में चुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री का फैसला होगा। इसमें कोई सन्देह नहीं है।

पांडे ने पूर्व केंद्रीय मंत्री लालचंद कटारिया के एक हालिया बयान की ओर इशारा करते हुए यह भी कहा कि पार्टी का अनुशासन तोड़ने वालों को भविष्य में कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।

गौरतलब है कि पिछले दिनों कांग्रेस नेता कटारिया ने गहलोत को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने की वकालत करते हुए सार्वजनिक तौर पर कहा था कि यदि चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट को नेतृत्व सौंपा गया तो कांग्रेस राजस्थान में जीती-जिताई बाजी हार जाएगी।

कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में मीडिया में कुछ खबरें आई हैं। मैं इतना कहना चाहता हूं कि पार्टी लाइन के खिलाफ बयानबाजी करने वाले पार्टी में किसी पद और टिकट के हकदार नहीं होंगे।

उल्लेखनीय यह भी है कि पिछले कई दिनों से प्रदेश में कांग्रेस के नेता अपने-अपने नेताओं के समर्थन में मुख्यमंत्री बनाने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। इन बयानों की सूचना पार्टी के आलाकमान तक भी पहुंच गई है।

इन बयानों के बाद मीडिया में पार्टी में अन्दरुनी घमासान होने की खबरें भी आईं हैं। जिसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने ये बयान जारी किए हैं।

 

अपना उत्तर दर्ज करें

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.