सभा से पहले विधानसभा क्षेत्रवार होंगे लाभार्थी, युवा एवं बूथ सम्मेलन
बीकानेर। भाजपा जिला देहात ने मुख्यमन्त्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा की तैयारियां करते हुए जिला, विधानसभा एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का रोडमेप तैयार किया है।
मीडिया सम्पर्क विभाग प्रमुख अशोक भाटी के अनुसार देहात भाजपा अध्यक्ष सहीराम दुसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में आज बीकानेर देहात प्रभारी रामेश्वर भाटी ने देहात के जिला पदाधिकारी, सम्मेलन समितियों के संयोजक, सह-संयोजक एवं मोर्चों के जिलाध्यक्षों के साथ चर्चा की और विधानसभा, मण्डल व बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी।
देहात संगठन प्रभारी व सुजानगढ़ के पूर्व विधायक रामेश्वर भाटी ने बूथ को पार्टी की अहम इकाई तथा कार्यकर्ता को संगठन की रीढ़ बताते हुए यात्रा की तैयारियों को लेकर हर काम के लिए हाथ तथा हर हाथ को काम का सूत्र दिया।
देहात जिलाध्यक्ष सहीराम दुसाद ने बताया कि राजस्थान गौरव यात्रा के तहत 7 सितम्बर की प्रस्तावित जनसभाओं से पहले देहात भाजपा की ओर से युवा सम्मेलन, बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन तथा लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को जिला पदाधिकारी बैठक रखी गई है। तत्पश्चात 14 व 15 अगस्त को युवा मोर्चे की ओर से मण्डल स्तर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी तथा 16 से 20 अगस्त तक विधानसभा वार युवा सम्मेलन आयोजित होंगे। युवा सम्मेलन के बाद विधानसभा वार लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। युवा, लाभार्थी तथा बूथ सम्मेलनों के लिए संयोजकों व विधानसभा प्रभारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
बैठक में सवाईसिंह तंवर, नितिन नाई, आसकरण उपाध्याय, रामेश्वर पारीक, कुम्भाराम सिद्ध, चम्पालाल गेदर, सुनील झंवर, राजाराम बिश्नोई, कुलदीप मोदी, शिवरतन शर्मा, सुशीला सुथार, अनोपसिंह चरखड़ा, सहीराम जाट, भंवर लाल जांगीड़, भागीरथ मूण्ड, सहित जिला देहात के सभी मण्डलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।











