प्रदेश के कई संभागों में राहुल गांधी की सभा करवाने के विचार में जुटे कांग्रेस नेता
बीकानेर। कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेता अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा बीकानेर संभाग में करवाने का विचार कर रहे हैं। प्रदेश में करीब पौने चार महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस किसी भी प्रकार की चूक नहीं करने की कोशिशों में लगी है।
पिछले दिनों जयपुर में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो और पार्टी प्रतिनिधियों की सभा के बाद अब कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले भरतपुर, बीकानेर, कोटा और जोधपुर संभाग में राहुल गांधी की सभाएं आयोजित कराने पर विचार कर रही है।
इस बारे में अधिकारिक रूप से अगले दो-तीन दिन में कार्यक्रम तय हो जाएगा। वहीं चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद राहुल गांधी की प्रदेश में 10 बड़ी सभाएं आयोजित कराने की पार्टी ने रणनीति बनाई है।
राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी जोशी संयुक्त रूप से जिलों की यात्राएं कर पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करने के साथ ही आम मतदाताओं से भी रूबरू होंगे। कांग्रेस का इस विधानसभा चुनाव में सिर्फ एक ही ध्येय है, प्रदेश की सत्ता में काबिज होना है।
जानकारी के मुताबिक इन संभागों में दौरे के दौरान राहुल गांधी विभिन्न प्रसिद्ध मंदिरों में भी जाएंगे। गुजरात और कर्नाटक के चुनावों में सफलता मिलने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश के सभी विख्यात मंदिरों में पूजा करने जाएंगे।