जिला प्रशासन ने शुरू की कवायद
बीकानेर। शाम के समय पब्लिक पार्क को यातायात मुक्त रखा जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से कवायद शुरू की जा रही है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में इस बारे में निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि पब्लिक पार्क क्षेत्र को शाम के समय यातायात मुक्त क्षेत्र बनाया जाए, जिससे यहां लाइट एण्ड साउण्ड शो तथा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जा सकता है।
कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पवन कुमार मीणा को निर्देश दिए कि पब्लिक पार्क क्षेत्र को यातायात मुक्त किए जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों के सम्बन्ध में रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
बीकानेर में पर्यटन विकास की संभावनाओं के तहत बैठक में नाइट टूरिज्म, मसाला चैक विकसित करने, जिले का प्रचार-प्रसार करने के लिए टूरिस्ट मोबाइल एप व प्रमोशनल वीडियो बनवाने, टैफ बूथ स्थापित करने, पर्यटक स्थलों के विकास कार्य, जिले के टूरिस्ट गाइड्स की समस्याओं के समाधान सहित कई बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पवन मीणा, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक कृष्ण कुमार, सहायक पर्यटक अधिकारी पुष्पेन्द्र राठौड़, समिति सदस्य विनोद भोजक, न्यास अभियंता अरविन्द कुमार, नगम के राजस्व अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, जिला उद्योग अधिकारी सुरेंद्र कुमार, देवस्थान विभाग निरीक्षक श्वेता चौधरी सहित कई जने मौजूद थे।
नाइट टूरिज्म
बैठक के दौरान बीकानेर में नाइट टूरिज्म की संभावनाओं पर विचार किया गया। इसके तहत पब्लिक पार्क, जूनागढ़, सूरसागर क्षेत्र में, रामपुरिया हवेली से बीकाजी की टेकरी तक व जेएनवी कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट आदि क्षेत्रों में नाइट टूरिज्म के सम्बन्ध में चर्चा की गई।
इस अवसर पर शगुन प्रोडक्शन के सुमित शर्मा ने विभिन्न जिलों के प्रमोशनल वीडियो प्रदर्शित किए व पावर पॉइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से पर्यटन विकास सम्बन्धी प्रस्तावों की जानकारी दी।
कलक्टर ने निर्देश दिए कि रामपुरिया हवेली से बीकाजी की टेकरी के सम्बन्ध में नगर निगम व ग्रामीण हाट के लिए जिला उद्योग केन्द्र महाप्रन्बन्धक तथ्यात्मक प्रस्ताव तैयार करें, इस कार्य में पर्यटन विभाग द्वारा तकनीकी सहयोग लिया जाए।