इन्टेलीजेंस हुई सक्रिय, राडार पर तीन हजार बदमाश भी
जयपुर। सोशल मीडिया पर सभा से पहले चल रहे पीएम को काले झण्डे दिखाए जाने के संदेशों ने इन्टेलीजेंस को तो सक्रिय कर दिया है, साथ ही पुलिस अधिकारियों की मैराथन बैठकें भी शुरू हो गई है।
सोशल मीडिया पर चल रहे इस प्रकार के संदेशों को देखते हुए जयपुर पुलिस ने तीन हजार से ज्यादा बदमाशों को राडार पर लिया है। इनमें से कुछ हार्डकोर बदमाशों को तो सभा से एक रात पहले थानों में सरेंडर करने के निर्देश दे दिए गए हैं। जिले के सभी डीसीपी को इस बारे में निर्देश दे दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक जयपुर पुलिस ने बाकि बदमाशों को चेतवानी देना शुरू कर दिया है। वहीं पुलिस हर संदिग्ध पर पैनी निगाहें टिकाए हुए है। जयपुर पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार करीब तीन हजार से ज्यादा बदमाश हैं। इनमें कुछ जेलों में बेल पर चल रहे और फरार हुए अपराधी शामिल हैं। ऐसे बदमाशों की पुलिस को तलाश है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कोशिशें और तेज कर दी हैं।
बताया जा रहा है कि हार्डकोर अपराधियों पर पुलिस की सख्त निगाहें टिकी हैं। पुलिस मुख्यालय से डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित अमरूदों के बाग में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसभा होनी प्रस्तावित है। इसमें किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं हो, इसके लिए प्रदेश के डीजीपी ने अधिकारियों के साथ एक मीटिंग पहले ही कर ली थी। अब खासतौर पर इन्टेलीजेंस के अफसरों के लिए सोशल मीडिया पर चल रहे बयान व संदेशों को लेकर उन्हें विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
दौरे को लेकर संशय
पीएम दौरे को लेकर एक संशय बना हुआ है। दरअसल, दौरे को लेकर सरकार और पार्टी स्तर पर बैठकों का दौर जारी है लेकिन इस बीच चर्चा है कि दौरा या तो स्थगित किया जा सकता है या फिर अगले आदेशों तक इसे खिसकाया जा सकता है। वजह बताई जा रही है कि जो कांन्फ्रेंस उस दिन होने वाली थी उसे रद्द किया जा रहा है।
हालांकि इसे लेकर पुलिस और नेता कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है।