बीकानेर। श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर में रविवार शाम को बड़ा हादसा होने से करीब 50 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से 8 घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में रैफर किया गया है। वहीं 12 को श्रीगंगानगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेष घायलों का पदमपुर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कुछ घायल इलाज करवाकर अपने घर जा चुके हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों ने इस हादसे में किसी भी व्यक्ति की मौत से इंकार करते हुए घायलों की संख्या 50 बताई है। हालांकि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 8 लोगों की मौत और 200 के घायल होने की बात कही थी, लेकिन सरकार ने इस तरह की खबरों को गलत बताया है।
बताया जा रहा है कि कृषि उपज मण्डी समिति के पवन भास्कर की ओर से आयोजक दिलबाग सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। आरोपी शख्स हादसे के बाद से ही फरार बताया जा रहा है।
दरअसल, पदमपुर की नई अनाज मंडी में पिछले तीन दिन से चल रहे किसान मेले के दौरान रविवार को ट्रेक्टर रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
इस दौरान दो ट्रेक्टरों के बीच में रस्से को जोडक़र ताकत अजमाने के खेल को देखने के लिए आसपास के करीब पांच हजार ग्रामीण अनाज मंडी में पहुंचे थे। इनमें महिलाएं, पुरूष और बच्चे शामिल थे। इनमें से 500 लोग मंडी में अनाज रखने के लिए बनाए गए लोहे के टिन शेड पर चढक़र बैठ गए।
वहीं करीब ढ़ाई से तीन हजार लोग टिन शेड के नीचे बैठकर प्रतियोगिता देख रहे थे। शेष इधर-उधर घूम रहे थे। प्रतियोगिता के दौरान उत्साहित ग्रामीण टिन शेड पर जोर.जोर से कूदने लगेए इससे शेड नीचे गिर गया और नीचे बैठे लोग दब गए।
जानकारी के अनुसार लम्बा शेड गिरने से काफी लोग नीचे गिर गए और नीचे बैठे करीब 500 लोग दब गए थे। घटना के समय मौके पर मंडी समिति के पदाधिकारी ही मौजूद थे। उन्होंने ग्रामीणों की सहायता से बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने शेड में दबे लोगों को बाहर निकाला।
सूचना पर जिला कलक्टर ज्ञानाराम प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे के करीब एक घंटे बाद रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया था। रेस्क्यू में देरी का कारण कर्मचारियों रविवार को अवकाश पर होना बताया गया।